नई दिल्ली: एशेज 2025-26 के दो मुकाबले पहले ही खेले जा चुके हैं। पर्थ और ब्रिसबेन में स्टीव स्मिथ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 8-8 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। पांच मैचों की इस सीरीज में कंगारू टीम 2-0 से आगे है और इसी बीच टीम को एक खुशखबरी भी मिली है। ऑस्ट्रेलिया के नियमित टेस्ट कप्तान पैट कमिंस अब स्क्वाड में वापसी कर चुके हैं।
एक तरफ ऑस्ट्रेलियाई टीम जहां मंगलवार को जोश हेजलवुड के पूरी एशेज से बाहर होने के बाद दुखी थे, लेकिन कमिंस की वापसी की खबर ने उस जख्म को भर दिया है। कमिंस के आते ही कप्तानी में भी बदलाव होना लाजिमी है। स्टीव स्मिथ अब 17 दिसंबर से एडिलेड में होने वाले तीसरे टेस्ट में उपकप्तानी करेंगे और कमिंस अपनी कुर्सी संभालेंगे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एडिलेड टेस्ट के लिए अपना अपडेटेड स्क्वाड जारी कर दिया है, जिसमें पैट कमिंस बतौर कप्तान लौटे हैं। अब एडिलेड टेस्ट में उनके शामिल होने से ब्रेंडन डोग्गेट, स्कॉट बोलैंड और माइकल नेसेर में से किसी की जगह प्लेइंग 11 से हट सकती है। कमिंस की वापसी को लेकर कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड पहले ही बयान दे चुके थे, और अब यह वापसी ऑफिशियल हो चुकी है।
एडिलेड टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई स्क्वाड
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, ब्रेंडन डोग्गेट, कैमरन ग्रीन, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, माइकल नेसेर, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जेक वेदरलैंड, ब्यू वेबस्टर।
मिचेल स्टार्क का कहर: बल्लेबाजों के लिए मुश्किल भरी पारी
अभी तक इस सीरीज के पहले दोनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा साफ नजर आया है। साथ ही मिचेल स्टार्क का कहर भी दोनों मुकाबलों में देखने को मिला। पहले मैच में उन्होंने 10 विकेट झटके थे, जबकि पिंक बॉल से खेले गए गाबा मैच में स्टार्क ने 8 विकेट लिए। इन प्रदर्शन ने ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई है। अब कंगारू टीम एशेज का खिताब जीतने से सिर्फ एक जीत दूर है, जबकि इंग्लैंड 2015 के बाद से यह खिताब नहीं जीत सका है।


