भोपाल के संजय सरकार 400 मीटर में बने चैंपियन, स्वीमिंग में भोपाल को मिले दो रजत पदक, कैरम खिताब इंदौर ने जीता
भोपाल। दिल्ली इंकम टैक्स के खिलाड़ी जोगिंदर सिंह ने सेंट्रल रेवेन्यू नार्थ जोन स्पोर्ट्स मीट की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में त्रिपल स्वर्ण जीते। उन्होंने यह पदक 5000 मीटर, 1500 मीटर और चार गुना 100 मीटर रिले में जीते। इसी में भोपाल इंकम टैक्स के संजय सरकार ने 400 मीटर में बाजी मारी। दिल्ली के ही लांग जंपर गुरुशेखरन ने सबसे लंबी कूद लगाते हुए स्वर्णिम सफलता अर्जित की। गोल्डन जुबली ईयर के उपलक्ष्य में आयोजित यह प्रतियोगिता साई सेंटर, भेल स्पोर्ट्स क्लब, एजी आफिस, आरपीएम रातीबढ़ और भोजपुर क्लब में खेली जा रही है।
कबड्डी में भी दिल्ली चैंपियन
कबड्डी खिताब दिल्ली ने जीता। उसने फाइनल में चंडीगढ़ को 14-4 से हराया। स्वीमिंग में भोपाल को डबल रजत मिले। यह पदक आकाश त्रिपाठी और जीएस राजपूत ने जीते। कैरम में इंदौर इंकम टैक्स के सुनील आर करमाले चैंपियन बने। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त नार्थ जोन एसएस राठौर, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त मप्र छत्तीसगढ़ प्रसन्न कुमार दास और प्रधान आयकर आयुक्त पतंजलि और हॉकी ओलिंपियन अशोक कुमार ने पुरस्कृत किया।

