नई दिल्ली : इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेस्टेयर कुक ने जैकब बेथल को आईपीएल 2026 छोड़कर इंग्लैंड लौटने और काउंटी क्रिकेट खेलने की सलाह दी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस बयान को लेकर उनके साथी केविन पीटरसन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पीटरसन ने कुक के विचारों से असहमति जताते हुए बेथल को आईपीएल में बने रहने की सलाह दी है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हिस्सा बेथल को इस सीजन एक भी मैच खेलने को नहीं मिला है। यही कारण है कि कुक ने उन्हें आईपीएल छोड़कर इंग्लैंड लौटने और काउंटी खेलने की सलाह दी। बेथल ने भी साफ कर दिया है कि वह इंग्लैंड नहीं लौटेंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि न खेलने के बाद भी वह भारत में रहना उपयोगी है। अब बेथल के पक्ष में पीटरसन खड़े हो गए हैं, जो आईपीएल 2026 में कमेंट्री भी कर रहे हैं।
कुक की सलाह पर पीटरसन का पलटवार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पीटरसन ने एक्स पर लिखा, ‘एलेस्टेयर कुक को अंदाजा नहीं है कि आईपीएल में होना कैसा होता है। दुनिया के सबसे अच्छे खिलाड़ियों के साथ समय बिताना कैसा होता है। इसलिए जैकब बेथल पर उनकी राय का कोई मतलब नहीं है। जैकब, भारत में ही रहो। मुझे पता है भले ही तुम खेल नहीं रहे हो तुम सीख रहे हो और एक बेहतर खिलाड़ी बनोगे।’
जानिए एलेस्टेयर कुक ने क्या कहा था
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एलेस्टेयर कुक न स्टिक टू क्रिकेट पॉडकास्ट पर कहा था कि आईपीएल में बेथल नहीं खेल रहे हैं। उन्हें वापस आना चाहिए और वारविकशायर के लिए ओपन करके इंग्लैंड की मदद करनी चाहिए। कुक के अनुसार बेथल को इंग्लैंड के लिए टेस्ट में ओपनिंग करनी चाहिए।
जैकब बेथल ने क्या दिया जवाब
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जैकब बेथल ने एलेस्टेयर कुक के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह इंग्लैंड टीम के लिए नंबर-3 पर ही बल्लेबाजी करना चाहेंगे। इसी क्रम पर खेलते हुए उन्होंने साल की शुरुआत में शतक भी लगाया था। आईपीएल में खेलने या न खेलने को लेकर बेथल ने कहा कि भले ही वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा न हों, फिर भी भारत में समय बिताना उनके लिए काफी फायदेमंद अनुभव रहता है।


