नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका की 16 सदस्यीय टीम का ऐलान सोमवार, 7 सितंबर को कर दिया गया। टीम में तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी को भी शामिल किया गया है। कोएट्जी ने 2023 वनडे विश्व कप के बाद से इस प्रारूप में कोई मुकाबला नहीं खेला है। वह हाल के समय में चोटों से परेशान रहे हैं, लेकिन अब उनकी टीम में वापसी हुई है। उन्होंने हाल ही में बांग्लादेश ए के खिलाफ खेले गए चार दिवसीय मुकाबले में कुछ ओवर गेंदबाजी कर अपनी फिटनेस का संकेत दिया था।
कागिसो रबाडा और नंद्रे बर्गर की गैरमौजूदगी से दक्षिण अफ्रीका का तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर हुआ है। वहीं, नामीबिया में होने वाली ट्राई-सीरीज के लिए चुने गए लुथो सिपामला भी हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। दक्षिण अफ्रीकी टीम से प्रेनेलन सुब्रायन, रुबिन हरमन और डेवाल्ड ब्रेविस को बाहर रखा गया है, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर की टीम में वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ी भारत के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं थे। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने यह भी स्पष्ट किया है कि कप्तान एडेन मार्कराम दूसरे और तीसरे वनडे मुकाबले के लिए चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
साउथ अफ्रीका की टीम
टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, एडेन मार्कराम, क्विंटन डीकॉक, टोनी डी जोरजी, डेविड मिलर, रयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, ओटनील बार्टमैन, गेराल्ड कोएत्जी, ब्योर्न फोर्टुइन, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, कॉर्बिन बॉश, मार्को यानसेन, केशव महाराज।
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड
मिचेल मार्श, पैट कमिंस, जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, बिली स्टैनलेक, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा।
24 सितंबर को डरबन में शुरू होगी वनडे सीरीज
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 24 सितंबर को डरबन में शुरू होगी। सीरीज का दूसरा मुकाबला 27 सितंबर और तीसरा मैच 30 सितंबर को खेला जाएगा। दिसंबर 2024 में पाकिस्तान की मेजबानी के बाद यह दक्षिण अफ्रीका की अपनी सरजमीं पर पहली वनडे सीरीज होगी।


