परमानंद भाई पटेल अंडर-22 टूर्नामेंट: भोपाल डिवीजन 630 रन पर ऑलआउट, प्रारब्ध और ओजस्व के शतक

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित परमानंद भाई पटेल (चार दिवसीय) मल्टी डे अंडर-22 बॉयज इंटर डिवीजनल क्रिकेट टूर्नामेंट में भोपाल डिवीजन और चंबल डिवीजन के बीच फैथ मैदान, भोपाल पर खेले जा रहे मुकाबले का तीसरा दिन बल्लेबाजों के नाम रहा। तीसरे दिन भोपाल डिवीजन ने कल के स्कोर 4 विकेट पर 277 रन से आगे खेलते हुए 145 ओवर में 630 रन बनाकर अपनी पहली पारी समाप्त की। भोपाल डिवीजन की ओर से प्रारब्ध मिश्रा ने शानदार 194 रनों की पारी खेली, जबकि ओजस्व ने 164 रन बनाकर शतक जड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने लंबी साझेदारियां कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में चंबल डिवीजन ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की और दिन का खेल समाप्त होने तक 11 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 31 रन बना लिए। चंबल डिवीजन की ओर से अभी लंबा सफर बाकी है। भोपाल डिवीजन की गेंदबाजी में भी प्रारब्ध मिश्रा ने योगदान देते हुए 1 विकेट हासिल किया।

 

स्व. जीएस पठानिया ‘सर’ ट्रॉफी: प्रेसिडेंट इलेवन ने वीएस अकादमी को पारी व 271 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह

भोपाल डिविजन क्रिकेट एसोसिएशन और सेज ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय श्री जीएस पठानिया ‘सर’ अंडर बॉयज इंटर क्लब/अकादमी (दो दिवसीय) क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में रोमांचक खेल देखने को मिला। बाबे अली मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल में प्रेसिडेंट इलेवन ने वीएस क्रिकेट अकादमी को पारी एवं 271 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।मैच के दूसरे और अंतिम दिन वीएस क्रिकेट अकादमी ने जवाबी पारी खेलते हुए 24 ओवर में 83 रन बनाए। टीम की ओर से कृष्नांश कोचाले ने 21 रन बनाए। प्रेसिडेंट इलेवन की ओर से आलिफ हसन ने 4 विकेट लिए, जबकि रुद्र प्रताप तोमर और दिशांत पाटीदार को 2-2 सफलता मिली। फॉलोऑन खेलने उतरी वीएस अकादमी दूसरी पारी में भी 30 ओवर में 94 रन पर सिमट गई। इस पारी में कृष्नांश कोचाले ने 20 रन बनाए। गेंदबाजी में अंजेश पाल ने 4 विकेट झटके, जबकि रबजीत सिंह मल्ही और ओजस शुक्ला ने 2-2 विकेट लिए। वहीं ओल्ड फ्रेंड्स मैदान पर खेले जा रहे दूसरे सेमीफाइनल में सेंट माइकल क्रिकेट अकादमी और अरेरा क्रिकेट अकादमी आमने-सामने हैं। सेंट माइकल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 52 ओवर में 125 रन बनाए। अली जैदी ने 47 रनों की पारी खेली। अरेरा अकादमी की ओर से प्रतीक शुक्ला ने 4 विकेट लिए। जवाब में अरेरा क्रिकेट अकादमी ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 38 ओवर में 3 विकेट पर 170 रन बना लिए हैं। पीयूष सिंह ने 57 रन बनाए, जबकि प्रतीक शुक्ला 63 रन बनाकर नाबाद हैं। मुकाबले का दूसरा दिन बुधवार को खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here