खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025-26 का 10 जनवरी से भव्य आगाज़, अपर लेक पर रोमांचक गतिविधियों से हुआ प्रचार

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा “खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025-26” का शुभारंभ 10 जनवरी 2026 से किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित राज्य स्तरीय खेल आयोजन को लेकर युवाओं और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में प्री-इवेंट प्रचार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भोपाल के अपर लेक क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, पर्यटकों और भ्रमण पर आए लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अपर लेक पर आयोजित इस प्रचारात्मक कार्यक्रम के दौरान खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025-26 की जानकारी दी गई और लोगों को विभिन्न खेल गतिविधियों से जोड़ा गया। कार्यक्रम में रस्साकशी, टारगेट द बॉल और क्विज प्रतियोगिता जैसी आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें युवाओं और पर्यटकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल गतिविधियों के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल नजर आया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025 की टी-शर्ट और आकर्षक गुडीज़ भी वितरित की गईं, जिससे युवाओं में खेलों के प्रति सकारात्मक ऊर्जा और जुड़ाव देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक राकेश गुप्ता, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने और प्रतियोगी खेलों में आगे आने के लिए प्रेरित किया। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के लिए सकारात्मक वातावरण बना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार खेल, खिलाड़ियों और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025-26 प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच देगा और मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यूथ गेम्स में भाग लेने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य टीम के चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही पहली बार पारंपरिक खेलों जैसे पिट्टू और रस्साकशी के साथ महिला और पुरुष क्रिकेट को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है।

उल्लेखनीय है कि खेलो एमपी यूथ गेम्स–2025-26 का आयोजन देश में पहली बार खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघों के समन्वय से किया जा रहा है। यह आयोजन 10 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक “मध्यप्रदेश का ओलंपिक” के रूप में आयोजित होगा। प्रतियोगिताओं की चयन प्रक्रिया ब्लॉक स्तर से शुरू होकर जिला, संभाग और राज्य स्तर तक संपन्न होगी। इन खेलों के अंतर्गत भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर और नर्मदापुरम सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में कुल 27 खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। संबंधित खेलों की परंपरा और लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थलों का चयन किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here