T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय: वरुण नंबर 1, बुमराह-अर्शदीप से आगे कुलदीप

0

नई दिल्ली: साल 2025 में भारत ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया और टीम इंडिया की सफलता का प्रतिशत काबिल-ए-तारीफ रहा। इस दौरान भारत ने कुल 22 मुकाबले खेले, जिनमें से 16 मैच जीते, जबकि सिर्फ 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, 3 मुकाबले बिना किसी नतीजे के समाप्त हुए।

वरुण चक्रवर्ती ने झटके सबसे ज्यादा विकेट

भारत ने साल 2025 का अंत ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों को हराकर किया और साल का समापन नंबर-वन रैंक वाली टीम के रूप में किया। इस दमदार प्रदर्शन में टीम इंडिया के गेंदबाजों का अहम योगदान रहा, लेकिन स्पिनरों ने खास तौर पर बाजी मारी। टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में वरुण चक्रवर्ती पहले नंबर पर रहे, जबकि कुलदीप यादव ने दूसरा स्थान हासिल किया।

यही नहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर अक्षर पटेल रहे यानी इस साल टी20आई में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाजों में पहले तीन तो स्पिनर ही रहे जबकि चौथे नंबर पर अर्शदीप सिंह तो वहीं पांचवें स्थान पर जसप्रीत बुमराह रहे। वरुण ने साल 2026 मे भारत की तरफ से टी20आई में 18 पारियों में सबसे ज्यादा 36 विकेट लिए और जिसमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने कुल 10 विकेट चटकाए।

कुलदीप यादव ने 9 पारियों में झटके 21 विकेट

कुलदीप यादव ने साल 2025 में 9 पारियों में कुल 21 विकेट झटके और दूसरे नंबर पर रहते हुए साल का समापन किया। इस दौरान उन्होंने दो बार चार विकेट हॉल लेने का भी कमाल किया। एशिया कप 2025 में कुलदीप सबसे ज्यादा 17 विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ 30 रन देकर 4 विकेट का शानदार प्रदर्शन भी शामिल था।

भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल 17 विकेट लेकर साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने 19.17 की औसत और 6.93 की किफायती इकॉनमी से विकेट चटकाए। वहीं अर्शदीप सिंह ने इस साल कुल 11 मैचों में 15 विकेट हासिल कर चौथा स्थान पाया। भारतीय गेंदबाजों की इस खास सूची में पांचवें नंबर पर जसप्रीत बुमराह रहे, जिन्होंने 2025 में 11 टी20 मुकाबलों में 14 विकेट लेकर साल का समापन किया। बुमराह ने अपने सभी विकेट महज 20.92 की औसत और 8 से कम की इकॉनमी रेट से हासिल किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here