मोहाली में किंग्स-दिल्ली की भिड़ंत, रबाडा और क्रिस गेल पर होगी सबकी नजर

0

मोहाली। मौजूदा आईपीएल के 13वें मैच में सोमवार को किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) की टीम अपने घर में दिल्ली कैपटिल्स (DC) का सामना करेगी. मोहाली के पीसीए आईएस बिंद्रा स्टेडियम में होने वाले इस मैच में यह देखना दिलचस्प होगा कि किंग्स के बल्लेबाज कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ सुपर ओवर में जीत के नायक रहे कैगिसो रबाडा के यॉर्कर का सामना कैसे करते हैं. मैच रात आठ बजे शुरू होगा. दिल्ली की टीम इस समय अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि पंजाब की टीम पांचवें स्‍थान पर.23 साल के रबाडा की शानदार गेंदबाजी से शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के इतिहास में सुपर ओवर में अपने सबसे कम स्कोर (10 रन) का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए तीन रनों से जीत दर्ज की थी. इससे पहले दोनों टीमें निर्धारित 20 ओवरों में एक समान 185 रन बना पाई थीं.


अब सबका ध्यान इस बात पर होगा कि दक्षिण अफ्रीका का यह तेज गेंदबाज क्रिस गेल, केएल राहुल, मयंक अग्रवाल और डेविड मिलर जैसे धाकड़ बल्लेबाजों के सामने कैसा प्रदर्शन करेगा.दोनों टीमों ने शनिवार को अपने-अपने मैचों में जीत दर्ज की. जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा होगा. खास बात यह है कि दोनों टीमों की जीत में सलामी बल्लेबाजों ने अहम भूमिका निभाई.

दिल्ली के लिए पृथ्वी शॉ (55 गेंदों में 99 रन) ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम लक्ष्य के काफी करीब पहुंचा दिया था, तो वहीं केएल राहुल (57 गेंदों में नाबाद 71) ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पंजाब की जीत सुनिश्चित की.

टीमें इस प्रकार हैं-

किंग्स इलेवन पंजाब: केएल राहुल (विकेटकीपर), क्रिस गेल, एंड्रयू टाय, मयंक अग्रवाल, अंकित राजपूत, मुजीब उर रहमान, करुण नायर, डेविड मिलर, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एम. हेनरिक्स, निकोलस पूरन, वरुण चक्रवर्ती, सैम कुरैन, मोहम्मद शमी, सरफराज खान, हार्डस विल्जोन, अर्शदीप सिंह, दर्शन नलकंडे, प्रभसिमरन सिंह, अग्निवेश अयाची, हरप्रीत बरार और मुरुगन अश्विन.

दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), पृथ्वी शॉ, अमित मिश्रा, अवेश खान, हर्षल पटेल, राहुल तेवतिया, जयंत यादव, मनजोत कालरा, कॉलिन मुनरो, क्रिस मॉरिस, कैगिसो रबाडा, संदीप लामिछाने, ट्रेंट बोल्ट, शिखर धवन, हनुमा विहारी, अक्षर पटेल, ईशांत शर्मा, अंकुश बैंस, नाथू सिंह, कॉलिन इनग्राम, शेरफेन रदरफोर्ड, कीमो पॉल, जलज सक्सेना, बंडारू अयप्पा.