KKR को IPL 2026 से पहले झटका: आकाश दीप पूरे सीजन से बाहर

0

कोलकाता.  कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को IPL 2026 से पहले एक और झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए हैं। यह जानकारी शुक्रवार को क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज को फ्रेंचाइजी के एक अधिकारी ने दी। 29 साल के बंगाल के इस तेज गेंदबाज को पिछले साल अबू धाबी में हुए मेगा ऑक्शन में 1 करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर KKR ने खरीदा था। हालांकि वह अब तक टीम कैंप में शामिल नहीं हो पाए हैं।

आकाश दीप फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपनी चोट से उबर रहे हैं। चोट की सही जानकारी स्पष्ट नहीं है, लेकिन टीम मैनेजमेंट और फ्रेंचाइजी के बीच इस पर बातचीत चल रही है। IPL में अब तक आकाश दीप ने 14 मैचों में 10 विकेट लिए हैं।

KKR के लिए चिंता की बात यह है कि हर्षित राणा और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना भी फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। पथिराना को श्रीलंका क्रिकेट से क्लियरेंस मिलना बाकी है। टीम ने 18 मार्च से कोलकाता में अपना कैंप शुरू किया, लेकिन आकाश दीप इसमें शामिल नहीं हो पाए। हर्षित राणा ने IPL के 34 मैचों में 40 विकेट लिए हैं।

मथीशा पथिराना को 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में बाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आया था। KKR उम्मीद कर रही है कि टूर्नामेंट के दौरान वे टीम से जुड़ सकते हैं। उन्हें पिछले साल मेगा ऑक्शन में 18 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। हाल ही में उनके मैनेजर ने KKR जर्सी में उनकी तस्वीर साझा की, जिससे उनकी उपलब्धता की उम्मीद बढ़ गई है।

13 मार्च को KKR ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया। उन्हें बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया गया, जिन्हें BCCI के निर्देश पर रिलीज किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here