नई दिल्ली : कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के शुरू होने से ठीक पहले अपनी टीम में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को शामिल कर लिया है। सैनी को हर्षित राणा की जगह टीम में लाया गया है, जो चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 19वें सीजन से पहले इस बदलाव का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया, जिससे केकेआर ने अपनी गेंदबाजी लाइनअप को मजबूत करने की कोशिश की है।
KKR में नवदीप सैनी की एंट्री, टीम को मिला अनुभवी तेज गेंदबाज
एक तरफ नवदीप सैनी केकेआर से साथ जुड़े जबकि दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस ने भी कुलवंत खजरोलिया को टीम में शामिल किया। गुजरात ने कुलवंत को पृथ्वीराज यात्रा की जगह टीम में जगह दी। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कुलवंत ने आईपीएल में अब तक 6 विकेट ले चुके हैं और वो इससे पहले गुजरात, केकेआर और आरसीबी के लिए खेल चुके हैं। गुजरात ने एक बार फिर से उन्हें 30 लाख रुपये में साइन किया।
नवदीप सैनी की KKR में एंट्री, फ्रेंचाइजी ने 75 लाख में किया साइन
भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था, लेकिन अब हर्षित के जाने के बाद केकेआर ने उन्हें 75 लाख रुपये में साइन किया और वो इस टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए नजर आएंगे। नवदीप सैनी ने अब तक आईपीएल में कुल 32 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने कुल 23 विकेट हासिल किए हैं। नवदीप का प्रदर्शन आईपीएल में अब तक कुछ खास नहीं रहा है।
नवदीप का इंटरनेशनल रिकॉर्ड, अब तक झटके 23 विकेट
नवदीप सैनी के इंटरनेशनल करियर पर नजर डालें तो उन्होंने भारत के लिए अब तक 2 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 4 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं वनडे फॉर्मेट में उन्होंने 8 मैचों में हिस्सा लेते हुए 6 विकेट हासिल किए हैं। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सैनी का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर रहा है, जहां उन्होंने 11 मुकाबलों में 13
विकेट झटके हैं। इस तरह वह भारत के लिए अब तक कुल 23 इंटरनेशनल विकेट ले चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वह लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं।


