कोलकाता. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को IPL 2026 के अहम मोड़ पर बड़ा झटका लगा है। टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी सिर में चोट (कन्कशन) और बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। यह चोट उन्हें मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में टीम साथी वरुण चक्रवर्ती से टकराने के दौरान लगी।
मुंबई की पारी के 11वें ओवर में तिलक वर्मा का कैच लेने के प्रयास में रघुवंशी और वरुण चक्रवर्ती आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वरुण के हाथ से कैच छूट गया और रघुवंशी को मैदान छोड़ना पड़ा। बाद में उनकी जगह तेजस्वी दहिया को विकेटकीपर के रूप में उतारा गया। बल्लेबाजी के दौरान भी दहिया को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल किया गया।
रघुवंशी इस सीजन में केकेआर के सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 13 मैचों में 422 रन बनाए, जिसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। लगातार दूसरे सीजन में उन्होंने 300 से ज्यादा रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की। उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए प्लेऑफ की दौड़ में बड़ा नुकसान मानी जा रही है।
केकेआर अब अपना आखिरी लीग मैच रविवार को ईडन गार्डन्स में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए टीम को सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि अन्य मुकाबलों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा।


