नई दिल्ली. Virat Kohli ने IPL 2026 से पहले सामने आई उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्होंने लंदन आने-जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट की मांग की है। कोहली ने इन रिपोर्ट्स को अफवाह बताते हुए इंस्टाग्राम पर हंसने वाली इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी।
पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि Royal Challengers Bengaluru के स्टार बल्लेबाज ने टीम मैनेजमेंट के सामने शर्त रखी है कि यदि दो मैचों के बीच तीन दिन से अधिक का अंतर होगा, तो वे चार्टर्ड फ्लाइट से लंदन जाकर परिवार के साथ समय बिताएंगे और फिर मैच से पहले लौट आएंगे। हालांकि, कोहली ने इस तरह की किसी भी मांग से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने एक न्यूज रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और उस पर लाफिंग इमोजी लगाकर इन दावों को मजाक में उड़ा दिया।
IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, जहां डिफेंडिंग चैंपियन RCB का पहला मुकाबला Sunrisers Hyderabad के खिलाफ बेंगलुरु में होगा। पिछले सीजन में पहली बार खिताब जीतने वाली टीम को इस बार भी कोहली से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद है। कोहली के सामने इस सीजन कई बड़े रिकॉर्ड भी हैं। वे IPL इतिहास में 9,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। फिलहाल उनके नाम 267 मैचों में 8,661 रन दर्ज हैं। इसके अलावा, वे एक ही फ्रेंचाइजी के लिए 10,000 टी-20 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बनने की दहलीज पर हैं। टी-20 क्रिकेट में भी कोहली एक बड़ी उपलब्धि के करीब हैं। वे 14,000 रन बनाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो सकते हैं, जहां Chris Gayle, Kieron Pollard, Alex Hales और David Warner पहले से मौजूद हैं। IPL 2025 में भी कोहली शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने 15 पारियों में 657 रन बनाकर टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।


