NST NEWS, INDORE . आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्यप्रदेश लीग (MPL) T20 स्कंधिया कप 2026 में रविवार को होलकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जबरदस्त रन-फेस्ट और आखिरी ओवर तक चला रोमांच देखने को मिला। इस हाई-स्कोरिंग मैच में भोपाल लेपर्ड्स ने रिवा जगुआर्स को 3 विकेट से हराकर यादगार जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए रिवा जगुआर्स ने आक्रामक शुरुआत की और 20 ओवर में 203/8 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अक्षत रघुवंशी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 32 गेंदों में 85 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। उन्होंने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और भोपाल के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उनके अलावा पृथ्वीराज सिंह तोमर ने 32 गेंदों पर 35 रन और सागर सोलंकी ने 28 गेंदों पर 48 रन की अहम पारियां खेलीं, जिससे टीम 200 के पार पहुंच सकी।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल लेपर्ड्स की शुरुआत मजबूत रही। तनिष्क यादव और राहुल चंद्रोल ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े। हालांकि इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम दबाव में आ गई। कप्तान अनिकेत वर्मा ने 10 गेंदों में 25 रन की तेज पारी खेली, लेकिन वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके।
मध्यक्रम में राहुल चंद्रोल ने 21 गेंदों पर 44 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके आउट होने के बाद भोपाल की स्थिति 109/5 हो गई और मैच रिवा की पकड़ में जाता दिख रहा था। ऐसे समय में हिमांशु शिंदे और पवन निरवानी ने पारी को संभालते हुए शानदार वापसी कराई।
दोनों ने मिलकर तेजी से रन बनाए और लक्ष्य के करीब पहुंचाया, लेकिन 22 रन रहते मैच फिर फंस गया। अंतिम ओवर से पहले कामल त्रिपाठी ने जिम्मेदारी संभाली और महत्वपूर्ण बाउंड्री लगाकर समीकरण 5 रन तक ला दिया। आखिरी ओवर की पहली गेंद डॉट रही, जिससे दबाव और बढ़ गया, लेकिन इसके बाद कामल ने दूसरी ही गेंद पर शानदार छक्का लगाकर मैच समाप्त कर दिया।
भोपाल लेपर्ड्स ने इस तरह आखिरी ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की और एक बार फिर साबित किया कि दबाव में खेलना उनकी ताकत है। वहीं अक्षत रघुवंशी की विस्फोटक पारी बेकार चली गई, लेकिन यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में शामिल हो गया।


