nst news, भोपाल. विश्वास सारंग क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित अंडर-12 बीडीसीए क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को लीगसी क्रिकेट अकादमी और अकीरा क्रिकेट अकादमी के बीच मुकाबला खेला गया। लीगसी क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित ओवरों में मजबूत स्कोर खड़ा किया। लीगसी की ओर से बल्लेबाजी करते हुए सौम्या नामदेव ने शानदार 92 रनों की पारी खेली, जबकि विवान साहू ने 30 रनों का योगदान दिया। दोनों की पारियों की बदौलत टीम ने कुल 212 रन बनाए। अकीरा क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में अनंत और योगेश ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अकीरा क्रिकेट अकादमी की टीम 212 रन के लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और पूरी टीम 137 रन पर सिमट गई। अकीरा की ओर से बल्लेबाजी में हित्विक ने 30 रन और अनंत ने 29 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। लीगसी क्रिकेट अकादमी की गेंदबाजी में त्रिशांत ने 3 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई, जबकि विराज और आरकाशक ने 1-1 विकेट लिया। इस तरह लीगसी क्रिकेट अकादमी ने यह मुकाबला 75 रन से अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए सौम्या नामदेव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


