नई दिल्ली : लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है, जहां उसका सामना स्पेन से होगा। अर्जेंटीना के पास अपना खिताब बचाने के साथ-साथ लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सुनहरा अवसर है। पूरे टूर्नामेंट में मेसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। अब खिताबी मुकाबले में भी उनसे बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। खास बात यह है कि इस फाइनल में मेसी के पास पांच बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करने का भी मौका होगा, जिससे उनका महान करियर और भी यादगार बन सकता है।
फाइनल में मेसी बना सकते हैं 5 रिकॉर्ड्स
- मेसी जो इस टूर्नामेंट में पहले ही आठ गोल कर चुके हैं और अगर स्पेन के खिलाफ वो गोल करते हैं तो वो फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन सकते हैं। अभी यह रिकॉर्ड स्वीडन के निल्स लीडहोल्म के नाम है, जिन्होंने 1958 में ब्राजील के खिलाफ फाइनल में गोल किया था और तब उनकी उम्र 35 साल और 264 दिन थी।
- मेसी अगर फाइनल में गोल करते हैं तो वह एक ही वर्ल्ड कप में किसी अर्जेंटीना के खिलाड़ी के सबसे ज्यादा गोल करने के गिलर्मो स्टाबिले के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को भी तोड़ देंगे। स्टाबिले ने 1930 में पहले फीफा वर्ल्ड कप के दौरान आठ गोल किए थे और मेसी 2026 के टूर्नामेंट में पहले ही इस आंकड़े की बराबरी कर चुके हैं।
- मेसी अगर फाइनल में गोल करते हैं और अर्जेंटीना, स्पेन को हराकर अपना खिताब बचाए रखती है तो टूर्नामेंट में उनके गोल की संख्या 9 हो जाएगी। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के किसी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। अभी यह रिकॉर्ड ब्राजील के दिग्गज खिलाड़ी रोनाल्डो के नाम है, जिन्होंने 2002 में ब्राजील की जीत वाली मुहिम के दौरान आठ गोल किए थे।
- लियोनेल मेसी फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन के खिलाफ गोल करते हैं तो वह ऐसे छठे खिलाड़ी बन जाएंगे जिन्होंने दो अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में गोल किए हों। मेसी ने 2022 के फाइनल में फ्रांस के खिलाफि अर्जेंटीना के रोमांचक 3-3 ड्रॉ मैच में दो गोल किए थे जिसके बाद अर्जेंटीना (ला एल्बिसेलेस्टे) ने पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की थी। रविवार को गोल करने पर वह ब्राजील के वावा और पेले, जर्मनी के पॉल ब्रेटनर, और फ्रांस के जिनेदिन जिदान और किलियन एम्बाप्पे जैसे दिग्गजों की खास लिस्ट में शामिल हो जाएंगे। वावा ने ब्राजील के लिए 1958 और 1962 के फाइनल में गोल किए थे, जबकि पेले ने 1958 और 1970 के फाइनल में गोल किए थे। ब्रेटनर ने वेस्ट जर्मनी के लिए 1974 और 1982 के फाइनल में गोल किए वहीं जिदान ने 1998 और 2006 के फाइनल में गोल करके यह उपलब्धि हासिल की। एम्बाप्पे ने फ्रांस के लिए 2018 और 2022 दोनों फाइनल में गोल किए थे।
- स्पेन के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में खेलने पर मेसी फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में खेलने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज आउटफील्ड खिलाड़ी (39 साल, 25 दिन) बन जाएंगे। हालांकि वर्ल्ड कप फाइनल में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का कुल रिकॉर्ड अभी भी इटली के दिग्गज डिनो जोफ के नाम है जो 1982 के फाइनल में वेस्ट जर्मनी के खिलाफ खेलते समय 40 साल और 133 दिन के थे। चूंकि जोफ गोलकीपर थे इसलिए मेसी की यह उपलब्धि सिर्फ आउटफील्ड खिलाड़ियों के लिए ही होगी।


