एनएसटी न्यूज, भोपाल। एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ फिजिकल एजुकेशन द्वारा पचमढ़ी में आयोजित 5 दिवसीय लीडरशिप कैंप का सफल समापन हुआ। कैंप में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी खेल क्षमता, नेतृत्व कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। लेग क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में यूनिट-2 की शेर-ए-हिंद टीम ने 67 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबले में यूनिट-2 की राइजिंग वुल्फ टीम 49 रन पर ऑल आउट हो गई और उसे उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा।
रस्साकसी प्रतियोगिता के फाइनल में यूनिट-3 की छावा टीम ने यूनिट-2 की राइजिंग वुल्फ टीम को 2–1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। ओवरऑल चैंपियनशिप में यूनिट-2 की राइजिंग वुल्फ टीम ने 357 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं, यूनिट-1 की ब्लैक माम्बा टीम 312 अंकों के साथ दूसरे, यूनिट-4 की शेर-ए-हिंद टीम 283 अंकों के साथ तीसरे और यूनिट-3 की छावा टीम 263 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही। कैंप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुलदीप मिश्रा को “जंगल किंग” और कशिश को “जंगल क्वीन” का खिताब दिया गया। इसके अलावा, स्टूडेंट ऑफ द ईयर (पुरुष) का सम्मान कृष्णकांत पटेल और (महिला) का सम्मान रेणु को प्रदान किया गया।
यह कैंप एलएनसीटी ग्रुप, भोपाल के स्पोर्ट्स डायरेक्टर पंकज कुमार जैन के निर्देशन में आयोजित किया गया। डॉ. पी.एस. दारा कैंप कोऑर्डिनेटर और आकाश कस्तवार कैंप लीडर रहे। कैंप के दौरान छात्रों को खेल गतिविधियों के साथ-साथ नेतृत्व, अनुशासन और टीमवर्क का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में योगा, व्हिसलिंग, फ्लैग होस्टिंग, फर्स्ट एड, ट्रैकिंग, कैंप क्लीनिंग, कैंप फायर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।


