एनएसटी न्यूज, भोपाल। लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी (एक्सीलेंस), भोपाल में आरजीपीवी नोडल खो-खो महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता 2025–26 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के तत्वावधान में एलएनसीटी कॉलेज, रायसेन रोड में हुआ। पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में ओरियंटल कॉलेज ने एलएनसीटी को 18–11 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। सेमीफाइनल में एलएनसीटी और सिस्टेक के बीच मुकाबला 8–8 की बराबरी पर छूटा, जिसके बाद 12 सेकंड के टाई-ब्रेकर में एलएनसीटी ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में ओरियंटल ने एसआईआरटी को 15–10 से पराजित किया। महिला वर्ग के फाइनल में एलएनसीटी ने सिस्टेक गांधी नगर को कड़े मुकाबले में 7–6 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में एसआईआरटी, सिस्टेक गांधी नगर, टीआईटी, एलएनसीटी और ओरियंटल सहित 5 महाविद्यालयों के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर डॉ. के.टी. चतुर्वेदी (डीएसडब्ल्यू, आरजीपीवी), पंकज जैन (स्पोर्ट्स डायरेक्टर, एलएनसीटी) और विष्णुकांत सहाय द्वारा विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए। पुरुष वर्ग में ओरियंटल के सौरभ और महिला वर्ग में एलएनसीटी की सारा ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। चयनित खिलाड़ी सतना में होने वाली आरजीपीवी राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में भोपाल नोडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

