एनएसटी न्यूज, भोपाल। सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 9 से 12 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय जू-जित्सु चैंपियनशिप 2025 में मध्य प्रदेश की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। राज्य के खिलाड़ियों ने 15 स्वर्ण, 12 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर कुल 38 पदकों के साथ उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। यह प्रतियोगिता सीनियर वर्ग में आयोजित हुई, जिसमें 26 राज्यों के 600 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मध्य प्रदेश जू-जित्सु संघ के अध्यक्ष विजेंद्र खरसोदिया और महासचिव कुमारी रोहिणी कलम ने बताया कि यह अब तक का राज्य का सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन ने हर मंच पर मध्य प्रदेश का परचम फहराया।
देवास जिले के खिलाड़ियों ने किया नाम रोशन
देवास जिले के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। वेदांत खरसोदिया, वैदेही शर्मा, उमा पाटीदार और प्रचंड जामलिया ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। वैदेही शर्मा और उमा पाटीदार ने एक-एक स्वर्ण के साथ एक-एक कांस्य पदक भी हासिल किया, जबकि सुरेश खरे और प्रचंड जामलिया ने स्वर्ण जीता। वहीं, पलक पाटीदार (1 रजत, 1 कांस्य), श्रद्धा पाटीदार (1 रजत) और आभा भगत (1 रजत, 1 कांस्य) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके अलावा गिरजा पाटीदार, निशा पाटीदार, शालू जाट, अमन वर्मा, पीयूष भार्गव, अजय कुंभकार, मेघा कुंभकार और अन्य खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन से देवास का नाम रोशन किया।
संघ के कोच और संरक्षकों ने दी बधाई
मध्य प्रदेश टीम का मार्गदर्शन कोच कुमारी रोहिणी कलम, पंकज पाराशर, कपिल खरे, वैदेही शर्मा, इरफान खान, जवान सिंह, वेदांत खरसोदिया और शैलेंद्र यादव ने किया। इन सभी ने निर्णायक की भूमिका भी निभाई। संघ की मुख्य संरक्षक गायत्री राजे पवार (विधायक, देवास), संरक्षक मनोज चौधरी (विधायक, हाटपिपलिया), विक्रम सिंह पवार महाराज देवास, श्रवण मिश्रा (प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा खेल प्रकोष्ठ) सहित कई गणमान्य नागरिकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत न केवल मध्य प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से राज्य में मार्शल आर्ट्स और जू-जित्सु जैसे खेलों के प्रति रुचि और बढ़ेगी।


