रणजी ट्रॉफी: तमिलनाडु 18 रन पर 5 विकेट पर ढेर, रजत पाटीदार ने जड़ा शतक; बिहार ने अरुणाचल को 105 पर समेटा

0

नई दिल्ली. रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फर्स्ट राउंड के दूसरे दिन तमिलनाडु की टीम झारखंड के खिलाफ बुरी तरह संघर्ष करती दिखी। कोयंबतूर में खेले जा रहे मुकाबले में तमिलनाडु के 5 विकेट सिर्फ 18 रन पर गिर गए। झारखंड की ओर से साहिल राज ने 2 और जतिन पांडे ने 3 विकेट झटके।इससे पहले झारखंड ने पहली पारी में 419 रन बनाए थे। कप्तान ईशान किशन ने 173 रन और साहिल राज ने 77 रन की उपयोगी पारी खेली थी। तमिलनाडु की कमजोर शुरुआत ने टीम को मैच की शुरुआती दौड़ से पीछे कर दिया।

रजत पाटीदार का शतक, मध्य प्रदेश की स्थिति मज़बूत

इंदौर में ग्रुप-बी के मैच में मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार ने पंजाब के खिलाफ शानदार शतक लगाया। उन्होंने 107 रन बनाकर नाबाद लौटे। वेंकटेश अय्यर ने भी 73 रन का योगदान दिया। पंजाब की टीम पहली पारी में 232 रन पर ऑलआउट हुई थी।दिन का अंत होने तक मध्य प्रदेश ने 6 विकेट खोकर 305 रन बना लिए और पहली पारी में 73 रन की बढ़त हासिल की। कप्तान पाटीदार की यह पारी उनके आत्मविश्वास और निरंतरता को दिखाती है।

विदर्भ ने नागालैंड के खिलाफ 463 रन बनाए

डिफेंडिंग चैंपियन विदर्भ ने नागालैंड के खिलाफ पहली पारी में 463 रन बनाए। बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले जा रहे इस मैच में अमन मोखाडे ने 183 रन, जबकि ध्रुव शौरे ने 64 और यश राठौड़ ने 71 रन बनाए।नागालैंड ने दिन का खेल समाप्त होने तक 1 विकेट खोकर 25 रन बनाए। विदर्भ की बल्लेबाज़ी ने यह साफ कर दिया कि टीम इस सीजन फिर से खिताब की प्रबल दावेदार है।

गोवा ने 566 रन ठोके, बिहार ने अरुणाचल को समेटा

ग्रुप-बी में गोवा ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहली पारी में 566 रन बनाए। टीम से ललित यादव (213) और अभिनव तेजराना (205) ने दोहरा शतक जड़ा। छत्तीसगढ़ की ओर से विशु कश्यप ने 7 और निशुंक बिड़ला ने 3 विकेट लिए। पटना में खेले जा रहे प्लेट ग्रुप मैच में बिहार ने अरुणाचल प्रदेश को पहली पारी में सिर्फ 105 रन पर ऑलआउट कर दिया। जवाब में बिहार ने 542 रन बनाए, जिसमें आयुष लोहारुका ने 226 रन की शानदार पारी खेली। दूसरी पारी में अरुणाचल 94/3 पर संघर्ष कर रही है और अब भी 343 रन पीछे है।

बंगाल के गेंदबाजों ने उत्तराखंड को 213 पर रोका

कोलकाता में ग्रुप-सी के मुकाबले में बंगाल ने उत्तराखंड को पहली पारी में 213 रन पर समेट दिया। मोहम्मद शमी ने 3 विकेट झटके। जवाब में बंगाल ने दूसरे दिन 6 विकेट पर 274 रन बनाए। सुमंत गुप्ता 82 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि सुदीप चटर्जी 98 रन पर शतक से चूक गए। बंगाल इस स्थिति में बढ़त की ओर बढ़ रहा है और तीसरे दिन मैच का रुख तय करेगा।

महाराष्ट्र ने खराब शुरुआत के बाद की वापसी

तिरुवनंतपुरम में महाराष्ट्र और केरल के बीच मुकाबले में महाराष्ट्र ने 18 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की। ऋतुराज गायकवाड़ (91) और जलज सक्सेना (49) ने शतकीय साझेदारी कर टीम को 239 रन तक पहुंचाया। केरल ने अपनी पहली पारी में 35 रन पर 2 विकेट खो दिए हैं। मुकाबले का रुख अभी खुला है, लेकिन शुरुआती विकेटों ने केरल पर दबाव बढ़ा दिया है।

मुंबई के बल्लेबाजों का जलवा, जम्मू-कश्मीर की मुश्किलें

श्रीनगर में ग्रुप-बी के मुकाबले में मुंबई ने जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 386 रन बनाए। सिद्धेश लाड ने 116 रन और शम्स मुलानी ने 91 रन जोड़े। जम्मू-कश्मीर के युद्धवीर सिंह ने 5 विकेट लिए। जवाब में जम्मू-कश्मीर ने 7 विकेट खोकर 273 रन बना लिए हैं। कप्तान पारस डोगरा शतक लगाकर नाबाद हैं। तीसरे दिन का खेल मैच की दिशा तय करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here