शाजापुर। परंपरागत खेलों से हटकर हमारे प्राचीन भारत की युद्ध कला कराटे खेल की राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का भव्य समापन कलेक्टर रिजु बाफना के मुख्य आतिथ्य में गांधी हाल में संपन्न हुआ। कराटे प्रतियोगिता में गोल्ड सिल्वर और ब्रांच मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को कलेक्टर रिजु बाफना के द्वारा सम्मानित किया गया।तीन दिवसीय कराटे प्रतियोगिता 1अगस्त से प्रारंभ हुई थी जिसमें प्रदेश के 28 जिलों के 400 से अधिक बालक बालिकाओं के विभिन्न आयु वर्ग एवं वजन वर्ग में संपन्न हुई, जिसमें दोनों वर्गों में काता एवं कुमिते विधा में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता की ओवरऑल मेडल टैली में ग्वालियर जिले की टीम 31 स्वर्ण,23 रजत एवं19 कांस्य पदकों के साथ प्रथम स्थान पर रही।
द्वितीय स्थान पर भोपाल जिला 10 स्वर्ण, 12रजत और 19 कांस्य पदकों के साथ रहा। तृतीय स्थान पर सागर जिले की टीम 6 स्वर्ण, 10 रजत एवं 15 कांस्य पदकों के साथ रही।चौथे स्थान पर शाजापुर की टीम 6 स्वर्ण, 3 रजत एवं 12 कांस्य पदक के साथ रही। उक्त प्रतियोगिता एमेच्योर कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कराटे खेल में प्रदेश के प्रथम विश्वामित्र अवॉर्डी शिहान जयदेव शर्मा के मार्ग निर्देशन एवं काई रेफरी कमीशन सेक्रेटरी सेंसेइ परितोष शर्मा (विश्वामित्र एवं विक्रम अवॉर्डी),सैसंई विकास शर्मा, सेंसेई संतोष राठौर के तकनीकी निर्देशन में राष्ट्रीय स्तर के योग्यता प्राप्त ऑफिशियल के द्वारा यह प्रतियोगिता संपन्न हुई।
शाजापुर कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ शुभम गुप्ता ने बताया कि राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन शाजापुर नगर में पहली बार हुआ है,प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु नगर के खिलाड़ी,खेल प्रेमी,वरिष्ठ और अनुभवी नागरिकों की आयोजन समिति का गठन किया गया और आयोजन समिति के सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा।प्रदेश के अन्य जिलों से आए हुए खिलाड़ी कोच ऑफिशल्स खेल अधिकारी एवं खिलाड़ियों के परिजनों की ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई।
प्रतियोगिता के समापन के अवसर पर कराटे एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नीतू शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, समाजसेवी आशा गुप्ता, शैलेंद्र सोनी, जिला खेल अधिकारी हार्डिया, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ विवेक दुबे,आरोग्य भारती के अध्यक्ष संजय शिवहरे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक में घुमंतु कार्य के विभाग संयोजक इंदर धाकड़ एवं आयोजन समिति के समस्त सदस्य उपस्थित थे।तीन दिवसीय कार्यक्रम का संचालन मनोहर राय ने किया।


