मप्र के तैराकों की धूम, पहले दिन जीते 9 मेडल

0
भोपाल में शुरू हुई सीबीएसई वेस्ट जोन तैराकी चैंपियनशिप, 400 से ज्यादा स्कूलों की भागीदारी

(NST News) भोपाल. एनआरआई ग्लोबल डिस्कवरी स्कूल में सोमवार से सीबीएसई वेस्ट जोन तैराकी प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले ही दिन मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल 9 पदक अपने नाम किए। इनमें 3 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। बालक अंडर 14 के 200 मीटर फ्री स्टाइल में इंदौर के शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल के सुहान जैन ने स्वर्ण जीता, जबकि चौइथराम स्कूल के क्रितांत मित्तल ने रजत पर कब्जा किया। बालिका अंडर 14 वर्ग में खंडवा की निष्ठा पंडित (स्वर्ण), इंदौर की इनाया छाबड़ा (रजत) और भोपाल की मौली आहुजा (कांस्य) ने पदक जीते। बालक अंडर 15 में माउंट इंडेक्स स्कूल के सिद्धांत सोनकुसारे ने स्वर्ण और जबलपुर के आदित्य मिश्रा ने रजत पदक जीता। बालिका अंडर 19 वर्ग में भोपाल की कृतिका श्रीवास्तव (रजत) और सरान्या (कांस्य) विजेता रहीं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर एनआरआई ग्रुप के चेयरमैन सुबोध सिंह, सचिव जयश्री सिंह और डॉ. ए. सीसिलिया मौजूद रहे। सुबोध सिंह ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का चौथा आयोजन है। पांच दिन चलने वाली इस चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के 400 से ज्यादा स्कूल हिस्सा ले रहे हैं। कुल 120 इवेंट्स में 360 से ज्यादा मेडल दांव पर होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन भोपाल तैराकी संघ के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन के पहले ही दिन मप्र के खिलाड़ियों ने अपने जल कौशल से सभी को प्रभावित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here