एनएसटी न्यूज, भोपाल। आंध्र प्रदेश के Tirupati में 12 से 15 मार्च 2026 तक आयोजित 34वीं राष्ट्रीय फेडरेशन कप थ्रो बॉल प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। मध्यप्रदेश टीम ने लीग मुकाबलों में शानदार शुरुआत की। पहले मैच में गोवा को लगातार दो सेटों में 15-04 और 15-06 से हराकर जीत दर्ज की। इसके बाद हरियाणा को 15-08 और 15-03 से पराजित किया। अपने पूल के अंतिम मुकाबले में टीम ने तमिलनाडु को 15-12 और 15-08 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में मध्यप्रदेश का मुकाबला ओडिशा से हुआ, जहां टीम ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए 15-11 और 15-08 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला मेजबान आंध्र प्रदेश से हुआ, जिसने भी अपने सभी मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया था। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मध्यप्रदेश ने पहला सेट 15-08 से जीत लिया, जिसमें देवेंद्र अहिरवार और पवन तिवारी की सर्विस अहम रही।
हालांकि दूसरे सेट में मिथुन वर्मा और कप्तान विवेक के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद टीम 10-15 से हार गई। निर्णायक सेट में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, लेकिन अंततः आंध्र प्रदेश ने 15-13 से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि मध्यप्रदेश टीम उपविजेता रही। टीम के प्रदर्शन में मिथुन वर्मा, पवन तिवारी, कमल, विवेक कुशवाहा, देवेंद्र अहिरवार, केशव और आकाश का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस उपलब्धि पर खेल संचालक बीएस यादव, थ्रो बॉल संघ के सचिव अविनाश भुरभुरे, कोच आशीष सक्सेना सहित अन्य खेल अधिकारियों ने टीम को बधाई दी।


