डल झील में चमके मध्यप्रदेश के खिलाड़ी, जीते 18 पदक और बने चैम्पियन

0

पहले खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में एमपी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, खेल मंत्री विश्वास सारंग ने दी बधाई

(NST News) भोपाल. श्रीनगर की प्रसिद्ध डल झील पर 21 से 23 अगस्त तक आयोजित पहले खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025 में मध्यप्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 पदक जीतकर चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के वॉटर स्पोर्ट्स, क्याकिंग-केनोइंग और रोइंग अकादमी के खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया और दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। प्रतियोगिता के आखिरी दिन मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक जीते। इनमें हितेश, पल्लवी जगताप, शिखा चौहान और ध्रुवराज ने केनो स्लालम में स्वर्ण हासिल किया। रोइंग में मनीषा दागी-जिज्ञासा रेंगर और रुकमनी दांगी-संतोष की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं देवराज रावत-हर्ष प्रताप सिंह ने रजत और दीपिका दीमर-प्रगति शर्मा ने महिला वर्ग सी-2 500 मीटर में रजत जीता। इसके अलावा डाली विश्नोई, नीलू वर्मा, माध्वी जाट और रुकमनी दांगी ने महिला वर्ग के-4 500 मीटर में कांस्य पदक जीता।

कुल मिलाकर मध्यप्रदेश ने 10 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य सहित 18 पदक हासिल किए और पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा। ओडिशा ने 10 पदक जीतकर दूसरा और केरल ने 7 पदक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। डल झील पर हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों के जोश और कौशल ने दर्शकों को रोमांचित किया और एमपी की जीत ने प्रदेश को गौरवान्वित किया।

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने चैम्पियन खिलाड़ियों को बधाई दी और बेटियों के स्वर्णिम प्रदर्शन को गर्व की उपलब्धि बताया। उन्होंने सभी पदक विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। खेल संचालक राकेश गुप्ता ने भी खिलाड़ियों की सफलता की सराहना की और आगे निरंतर बेहतर प्रदर्शन की शुभेच्छा जताई। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और जल क्रीड़ाओं के शानदार मुकाबले पेश किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here