64वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप: चेन्नई में मप्र के समरदीप सिंह गिल ने जीता स्वर्ण

0

(NST News) भोपाल. चेन्नई में चल रही 64वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी समरदीप सिंह गिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। 20 से 24 अगस्त तक जे.एन. स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में समरदीप ने शॉट पुट में 19.82 मीटर की दूरी तक गोला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश का मान बढ़ा।

इस स्पर्धा में पंजाब के अनुभवी खिलाड़ी और दो बार के ओलंपियन तजिंदरपाल सिंह तूर ने 19.41 मीटर गोला फेंककर रजत पदक जीता, जबकि उत्तराखंड के अनिकेत ने 18.09 मीटर दूरी तक गोला फेंककर कांस्य पदक प्राप्त किया। प्रतियोगिता का स्तर बेहद कड़ा रहा, लेकिन समरदीप ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा। मध्यप्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने समरदीप सिंह गिल को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समरदीप भविष्य की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

समरदीप सिंह गिल वर्तमान में मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी में प्रशिक्षक के. संदीप सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके स्वर्ण पदक ने न केवल अकादमी की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है बल्कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित किया है कि मेहनत और लगन से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here