भोपाल। (nst news)भारत की प्रतिभाशाली गोताखोर खिलाड़ी पलक शर्मा को लगातार दूसरी बार वर्ल्ड एक्वाटिक्स चैंपियनशिप सिंगापुर 2025 में भाग लेने के लिए चुना गया है। यह चैंपियनशिप 11 जुलाई को शुरू हुई व 3 अगस्त 2025 तक सिंगापुर में आयोजित की जाएगी। डाइविंग चैंपियनशिप 28 जुलाई से 3 अगस्त तक चलेगी।
पलक शर्मा ने पहले भी वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी भाग लिया था और अब दूसरी बार उनके चयन से यह स्पष्ट होता है कि वह भारत की सबसे प्रतिभाशाली गोताखोर खिलाड़ियों में से एक हैं। वह भारत की पहली महिला गोताखोर खिलाड़ी हैं जिन्हें वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चुना गया है। विश्व एक्वाटिक्स चैंपियनशिप सिंगापुर 2025 वर्ल्ड एक्वाटिक्स का एक प्रमुख आयोजन है जिसमें छह एक्वाटिक्स खेलों – आर्टिस्टिक स्विमिंग, डाइविंग, ओपन वॉटर स्विमिंग, स्विमिंग, वॉटर पोलो और हाई डाइविंग के एथलीट भाग लेंगे।
इस चैंपियनशिप में 200 से अधिक देशों के 2,000 से अधिक एथलीट भाग लेंगे। मध्यप्रदेश की स्टार गोताखोर पलक शर्मा के कोच रमेश व्यास है। पलक की इस उपलब्धि पर म.प्र. स्वीमिंग एशोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष शर्मा,सचिव जय वर्मा, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह राठौर, सहसचिव रामकुमार खिलरानी, सीमांत द्विवेदी, इंदौर जिला तैराकी संघ के सचिव गौरव द्विवेदी,और प्रशिक्षक मनीष जोशी ने बधाईया दी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

