नई दिल्ली : इंग्लैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एंड्रोस टाउनसेंड थाई लीग-1 के एक मुकाबले से पहले वार्म-अप के दौरान दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। पीटी प्रचुआप के लिए खेलने वाले टाउनसेंड पिच पर अभ्यास कर रहे थे, तभी वह पिच रोलर की चपेट में आ गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। टाउनसेंड शनिवार रात पट्टानी के खिलाफ मुकाबले की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वह एरियल बैकहील करने की कोशिश में उछले और नीचे उतरते समय पिच रोलर के रास्ते में आ गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा है कि उसी दौरान वाहन का चालक दूसरी दिशा में देख रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पिच रोलर की चपेट में आए टाउनसेंड, पैरों और कूल्हे के ऊपर से गुजरा वाहन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वीडियो में टाउनसेंड के पिच पर गिरने के बाद पिच रोलर को उनके ऊपर से गुजरते देखा जा सकता है। वाहन उनके पैरों और कूल्हे के ऊपर से गुजरता हुआ आगे बढ़ गया। घटना के दौरान चीखें सुनाई दीं, जबकि आसपास मौजूद खिलाड़ी हैरान होकर सिर पर हाथ रखते नजर आए। हालांकि, इस अजीब हादसे के बावजूद टाउनसेंड को गंभीर चोट नहीं आई। इससे भी ज्यादा हैरानी की बात यह रही कि वह बाद में अपनी टीम के लिए मैच में उतरने में भी सफल रहे।
दर्दनाक हादसे के बाद टाउनसेंड ने खुद उड़ाया मजाक, कही ये बात
35 वर्षीय टाउनसेंड ने घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दोबारा शेयर किया और इसके साथ लिखा, ‘इसे ऐसा दिखाओ जैसे यह एक हादसा था।’ उन्होंने इसके साथ हंसने वाली इमोजी भी लगाई। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर भी इस घटना को लेकर मजाक किया। टाउनसेंड ने पीटी प्रचुआप की 3-0 की जीत में इंजरी टाइम में बतौर स्थानापन्न मैदान पर कदम रखा।
इंग्लैंड की जर्सी में 13 मैच खेल चुके हैं एंड्रोस टाउनसेंड
टाउनसेंड इंग्लैंड के लिए 13 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। वह अगस्त में एक अन्य थाई क्लब कंचनाबुरी पावर से पीटी प्रचुआप में शामिल हुए थे। कंचनाबुरी पावर को पिछले सीजन में रेलिगेशन का सामना करना पड़ा था।


