नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट से पिछले काफी लंबे समय से बाहर चल रहीं शानदार बल्लेबाज पूनम राउत ने 15 अक्टूबर की शाम को इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। पूनम राउत ने साल 2009 में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था, जिसके बाद उनको तीनों ही फॉर्मेट में खेलने का मौका मिला जिसमें वनडे और टेस्ट में पूनम का बल्ले से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पूनम राउत उन चुनिंदा भारतीय महिला खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हैं जो वनडे और टेस्ट दोनों फॉर्मेट में शतक लगाने में कामयाब रही हैं। पूनम ने अपने रिटायरमेंट लेने की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने के साथ दी जिसमें उन्होंने लिखा कि मेरे लिए यह सफर हमेशा यादगार रहेगा जिसमें भारतीय टीम के लिए खेलना सपना पूरा होने जैसा था।
पूनम राउत ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट लेने के फैसले को लेकर इंस्टाग्राम पर जो पोस्ट किया उसमें उन्होंने लिखा कि मुंबई की सड़कों से लेकर भारतीय टीम की जर्सी पहनने तक का यह सफर किसी आशीर्वाद से कम नहीं रहा। यह एक ऐसा सफर था जिसमें कई बलिदान, संघर्ष, यादगार जीत, कड़े सबक और ऐसे पल शामिल रहे जिनको मैं जीवन भर संजोकर रखूंगी। देश का प्रतिनिधित्व करना सिर्फ एक सपना पूरा होने जैसा नहीं था, बल्कि यह एक ऐसा सौभाग्य था जिसे मैंने हमेशा बहुत गर्व के साथ निभाया। अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के इस अध्याय को समाप्त करते हुए, मेरा दिल उन सभी लोगों के प्रति आभार से भरा है जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया, मेरा साथ दिया और मेरी इस जर्नी का हिस्सा बने। क्रिकेट ने मुझे सिर्फ एक करियर ही नहीं दिया, बल्कि मुझे एक मकसद, एक पहचान और एक परिवार भी दिया। मुझमें मौजूद खिलाड़ी भले ही पीछे हट जाए, लेकिन इस खेल के लिए मेरा प्यार कभी रिटायर नहीं होगा। मेरी अगली पारी उस खेल को कुछ वापस देने के बारे में है जिसने मुझे सब कुछ दिया है।
टीम इंडिया की एक समय शानदार खिलाड़ियों में शामिल पूनम राउत के इंटरनेशनल करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने 73 वनडे मैचों में खेलते हुए जहां 2299 रन बनाए तो वहीं उनके बल्ले से तीन शतकीय और 15 अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली। इसके अलावा पूनम ने चार टेस्ट मैच भी खेले और उसमें एक शतकीय पारी के दम पर कुल 264 रन बनाने में कामयाब रहीं। इसके अलावा 35 टी20 इंटरनेशनल कुल 719 रन बनाने में कामयाब रहीं जिसमें उनके बल्ले से चार अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली। पूनम राउत ने आखिरी बार भारतीय टीम की जर्सी में मुकाबला साल 2021 के जून महीने में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में खेला था।


