भोपाल: मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने अहमदाबाद में आयोजित द्वितीय कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप से लौटने पर भोपाल के खिलाड़ी उजैर खान को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
उजैर खान ने चैंपियनशिप की हेबॉल पूल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपना पहला व्यक्तिगत अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल किया। यह मध्य प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि पुरुषों की अंतरराष्ट्रीय हेबॉल पूल स्पर्धा में यह राज्य का पहला पदक है।
इस अवसर पर वर्ल्ड सिक्स रेड स्नूकर चैंपियन एवं उजैर खान के कोच कमल चावला भी खेल मंत्री से मुलाकात के दौरान उपस्थित रहे। उन्होंने उजैर खान की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और मध्य प्रदेश में हेबॉल पूल के विकास की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
माननीय खेल मंत्री विश्वास सारंग जी ने उजैर खान की सफलता पर खुशी जाहिर की तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने एवं देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उजैर खान की इस शानदार उपलब्धि से भोपाल एवं मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता प्रदेश में क्यू स्पोर्ट्स, विशेषकर हेबॉल पूल, को नई पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करेगी।


