UP T20 League में बड़ा उलटफेर, लखनऊ प्लेऑफ में; मेरठ को हराकर नोएडा टॉप-3 में पहुंचा

0

नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग 2026 के 27 मैचों के बाद प्लेऑफ की तीन टीमें तय हो चुकी हैं। मेरठ मैवेरिक्स ने लगातार सात मैच जीतकर सबसे पहले प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की थी। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ फाल्कन्स ने भी नौ में से पांच मुकाबले जीतकर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया। रविवार, 30 अगस्त को खेले गए मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने गोरखपुर लायंस को 24 रन से हराया। वहीं, नोएडा किंग्स ने अजेय चल रही मेरठ मैवेरिक्स के जीत के सिलसिले पर रोक लगाते हुए मुकाबला अपने नाम किया और अंक तालिका में टॉप-3 में जगह सुनिश्चित कर ली।

छह टीमों वाले इस टूर्नामेंट में अभी चौथी टीम का नाम तय होना बाकी है। मेरठ की टीम को पहली हार जरूर मिली लेकिन वह अंकतालिका में टॉप पर काबिज है। जबकि पांचवीं जीत के बाद भुवी की लखनऊ अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बरकरार है। लखनऊ का एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा था जिसके कारण उसके 11 अंक हैं। वहीं तीसरे नंबर पर मौजूद नोएडा के 10 अंक हैं।

काशी रुद्रास, गोरखपुर लायंस और कानपुर सुपरस्टार्स के बीच प्लेऑफ में चौथे स्थान के लिए मुकाबला अब भी जारी है। टूर्नामेंट के लीग चरण में तीन मुकाबले बाकी हैं, ऐसे में चौथी टीम को लेकर रोमांच बना हुआ है। हालांकि, कानपुर सुपरस्टार्स की स्थिति काफी मुश्किल है। टीम ने अब तक आठ में से छह मैच गंवाए हैं और उसके खाते में सिर्फ चार अंक हैं। समीर रिजवी की कप्तानी वाली कानपुर की टीम अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीत भी जाती है, तो उसके अधिकतम आठ अंक ही हो पाएंगे। ऐसे में उसके लिए प्लेऑफ में पहुंचने की राह बेहद कठिन हो गई है।

शिवा सिंह की हैट्रिक से नोएडा ने दर्ज की शानदार जीत

नोएडा किंग्स ने बारिश से प्रभावित यूपी टी20 लीग 2026 के 27वें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स को पांच विकेट से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। मुकाबला 5-5 ओवर का ही हुआ। रिंकू सिंह के लीग से जाने के बाद मेरठ के कप्तान बने दिव्यांश जोशी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। स्वास्तिक चिकारा ने मेरठ को तेज शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन प्रशांत वीर की गेंद पर विकेटकीपर आदित्य शर्मा ने उन्हें 14 रन (9 गेंद) के निजी स्कोर पर स्टंप आउट कर दिया। इसके बाद का पूरा खेल नोएडा के गेंदबाज शिवा सिंह के नाम रहा।

शिवा सिंह ने अपनी घातक गेंदबाजी से तहलका मचाते हुए नोएडा किंग्स को शानदार जीत दिलाई। उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर विकेट चटकाकर हैट्रिक पूरी की, जो दो ओवरों में बंटी थी—पारी के 2.5, 2.6 और 4.1 ओवर की गेंदों पर। शिवा ने महज 5 रन देकर 6 विकेट झटके। इसके साथ ही वह यूपी टी20 लीग के इतिहास में कार्तिक त्यागी के बाद हैट्रिक लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए, जबकि मौजूदा सीजन की यह पहली हैट्रिक रही। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने मेरठ मैवेरिक्स निर्धारित 5 ओवरों में 7 विकेट खोकर केवल 33 रन बना सकी। डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति के तहत नोएडा किंग्स को जीत के लिए 35 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 3.3 ओवर में 5 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।

यूपी टी20 लीग 2026 के 27 मैचों के बाद अंकतालिका
रैंक टीम मैच जीत हार बेनतीजा नेट रन रेट अंक
1 मेरठ मैवेरिक्स (Q) 9 7 1 1 +1.376 15
2 लखनऊ फाल्कन्स (Q) 9 5 3 1 +0.578 11
3 नोएडा किंग्स (Q) 10 5 5 0 -0.276 10
4 काशी रुद्रास 9 4 5 0 -0.182 8
5 गोरखपुर लायंस 9 3 6 0 -0.318 6
6 कानपुर सुपरस्टार्स 8 2 6 0 -0.837 4

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here