मंधाना का बल्ला फिर गरजा, हरमनप्रीत-मिताली को पछाड़कर रचा इतिहास

0

नई दिल्ली : आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता Smriti Mandhana की फॉर्म को लेकर थी, क्योंकि वह पिछले कुछ मुकाबलों में बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो पा रही थीं। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होते ही मंधाना ने अपने बल्ले से सभी सवालों का जवाब दे दिया। पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ शुरुआती दोनों मुकाबलों में उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर अपनी लय हासिल करने का संकेत दिया। इसी के साथ मंधाना ने एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम कर ली है। अब वह महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की ओर से सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। इस मामले में उन्होंने Harmanpreet Kaur और Mithali Raj को पीछे छोड़ दिया है।

नीदरलैंड्स महिला टीम के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले में स्मृति मंधाना ने शैफाली वर्मा के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 115 रनों की बड़ी साझेदारी की। वहीं उनके बल्ले से 47 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 74 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली। महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में स्मृति मंधाना के बल्ले से ये छठी फिफ्टी प्लस रनों की पारी देखने को मिली, जिसमें उन्होंने हरमनप्रीत कौर और मिताली राज को पीछे छोड़ नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा कर लिया जिसमें दोनों ने 5-5 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां खेली हैं। वहीं महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस रनों की पारियां खेलने के मामले में मंधाना संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में पहली पोजीशन पर सूजी बेट्स का नाम है जिन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में कुल 8 फिफ्टी प्लस रनों की पारियां खेली हैं।

स्मृति मंधाना के बल्ले से नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में कुल 11 चौके देखने को मिले, जिसके दम पर वह टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में महिला और पुरुष दोनों में ही 600 या उससे अधिक चौके लगाने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। मंधाना के नाम पर अभी 168 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 30.44 के औसत से 4475 रन देखने को मिले हैं जिसमें उन्होंने 604 चौके लगाए हैं। वहीं उनके बाद लिस्ट में दूसरे नंबर पर सूजी बेट्स का नाम है जिन्होंने कुल 521 चौके लगाए हैं। पुरुष टी20 इंटरनेशनल में अभी सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान बाबर आजम पहले नंबर पर हैं जिन्होंने कुल 477 चौके लगाए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here