मनु भाकर ने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में जीते दो कांस्य पदक

0

नई दिल्ली.  भारत की स्टार शूटर मनु भाकर ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। हरियाणा के गांव गोरिया निवासी मनु ने कजाकिस्तान के श्यामकेंट शहर में आयोजित एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत कांस्य जीता, जबकि टीम इवेंट में भी मनु, सुरुचि सिंह और पलक गुलिया की तिकड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया।

फाइनल में मनु ने शानदार वापसी करते हुए 219.7 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। शुरुआत में वह पांचवें स्थान पर थीं, लेकिन धैर्य और सटीक निशानेबाजी से पोडियम तक पहुंचीं। हालांकि 17वें शॉट में 9.7 का स्कोर कर वह बाहर होने की कगार पर थीं, फिर भी संयमित खेल दिखाकर उन्होंने पदक सुनिश्चित किया। क्वालिफिकेशन राउंड में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 583-18x अंक बनाए, जिसमें अंतिम सीरीज में परफेक्ट 100 शामिल था।

मनु की इस उपलब्धि पर उनके परिवार ने खुशी जताई। पिता रामकिशन भाकर और मां डॉ. सुमेधा भाकर ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। वहीं, टीम इवेंट की साथी शूटर सुरुचि सिंह और पलक गुलिया भले ही व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह नहीं बना सकीं, लेकिन टीम के साथ उनका योगदान अहम रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here