13 अगस्त को जारी लिस्ट में रोहित दूसरे और कोहली चौथे नंबर पर थे, गिल टॉप पर कायम
दुबई। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ताज़ा वनडे बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में बुधवार को बड़ा झोल देखने को मिला। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली का नाम रैंकिंग से अचानक गायब हो गया। करीब चार घंटे तक दोनों बल्लेबाज़ लिस्ट से बाहर रहे। बाद में ICC ने गलती सुधारते हुए दोनों को दोबारा टॉप-10 में शामिल कर लिया। 13 अगस्त को जारी रैंकिंग में रोहित शर्मा दूसरे और विराट कोहली चौथे स्थान पर थे। ताज़ा रैंकिंग में शुभमन गिल 784 अंक के साथ नंबर-1 पर कायम हैं। बाबर आज़म 739 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। भारतीय बल्लेबाज़ों में गिल के अलावा श्रेयस अय्यर, विराट कोहली और रोहित शर्मा टॉप-10 में जगह बनाए हुए हैं। वहीं, वेस्टइंडीज के शाई होप को दो स्थान का फायदा हुआ है।
बॉलर्स की लिस्ट में भी बदलाव हुए हैं। साउथ अफ्रीका के केशव महाराज नंबर-1 पर पहुंच गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में 5 विकेट झटके थे। श्रीलंका के महीश तीक्षणा दूसरे और भारत के कुलदीप यादव तीसरे नंबर पर हैं। कुलदीप को एक स्थान का नुकसान हुआ है। यह पहला मौका नहीं है, जब ICC की रैंकिंग में गड़बड़ी हुई हो। जनवरी 2022 में भारत को गलती से टेस्ट की नंबर-1 टीम घोषित कर दिया गया था, जिसे ढाई घंटे बाद सुधारना पड़ा। फरवरी 2022 में भी इसी तरह भारत 6 घंटे तक टेस्ट में टॉप पर रहा था।


