एनएसटी न्यूज, भोपाल। पांचवीं ठाकुर हुकुम सिंह स्मृति अखिल भारतीय ग्रीन पैराडाइस कप क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार का दिन रोमांचक रहा। भोपाल संभाग क्रिकेट संघ और पब्लिक वाणी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में तीन महत्वपूर्ण मुकाबले खेले गए, जिनमें मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी, अंकुर अकादमी और एमपी फिजियो लीग की वर्टेक्स रॉयल ने शानदार प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी ने 264/9 रन बनाए। देवांश यदुवंशी ने 66 रन, जबकि प्रियांशु प्राण और क्रिश मल्होत्रा ने 52-52 रनों की पारी खेली। सेंचुरियन अकादमी की ओर से मोहम्मद अफान ने 3 विकेट, जबकि आलिफ हसन, सौरभ वर्मा और तरुण नागर ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में सेंचुरियन टीम मोहम्मद अली और मयंक वर्मा के 44-44 रन और आलिफ हसन के 33 रनों के बावजूद 178 रन पर सिमट गई। मयंक अकादमी की ओर से अरबाज़ुद्दीन ने 4 विकेट और शिवांश चतुर्वेदी व प्रभांशु शुक्ला ने 2-2 विकेट लिए। अरबाज़ुद्दीन को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवाय अकादमी 122 रन पर ऑलआउट हुई। पवन पांडे ने 46 और कनक ने 30 रन बनाए। अंकुर अकादमी की ओर से रवजीत सिंह ने 4 और वैभव बाथम ने 3 विकेट चटकाए। जवाब में अंकुर अकादमी ने 124/4 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। आयुष परमार ने शानदार 73 रन बनाए। रवजीत सिंह मैन ऑफ द मैच रहे। ओल्ड कैंपियन ग्राउंड पर एमपी फिजियो लीग के पहले मुकाबले में भोपाल की वर्टेक्स रॉयल ने ग्वालियर को 9 विकेट से हराया। ग्वालियर ने 106/8 रन बनाए। अभिषेक ने 27 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए वर्टेक्स रॉयल ने 9.5 ओवर में 110 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। विनोद मीणा ने 25 गेंदों पर नाबाद 46 और प्रिंस ने नाबाद 39 रन बनाए। गेंदबाजी में प्रशांत कनौजिया और प्रथम कुमार ने 2-2 विकेट लिए। विनोद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सुबह प्रतियोगिता का शुभारंभ सैयद साजिद अली ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर किया। मुजीब उद्दीन और राकेश सिंह बिष्ट विशेष अतिथि रहे।
आज के मैच:
इंदौर बनाम ग्वालियर
लखनऊ बनाम राजस्थान


