UP T20 में मेरठ मेवरिक्स का जलवा, रिंकू की कप्तानी में लखनऊ को हराकर बना चैंपियन

0

नई दिल्ली : रिंकू सिंह की अगुआई वाली मेरठ मेवरिक्स ने रविवार, 6 सितंबर को भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ फालकन्स को 94 रन से हराकर यूपी टी20 लीग 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ मेरठ मेवरिक्स ने दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा किया है। इससे पहले टीम ने 2024 में पहले सीजन का खिताब माधव कौशिक की कप्तानी में जीता था। मेरठ मेवरिक्स की टीम 2025 में भी फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी।

अब रिंकू सिंह की कप्तानी में टीम ने शानदार वापसी करते हुए दूसरी बार यूपी टी20 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मेरठ मेवरिक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिव्यांश जोशी की शतक की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट पर 203 रन बनाए। इसके जवाब में लखनऊ फॉल्कंस की टीम 16 ओवर में 109 रन पर आउट हो गई। मेरठ के लिए विशाल चौधरी ने 4 विकेट झटके। इस तरह मेरठ ने लखनऊ की टीम से क्वालिफायर-1 में हार का बदला भी ले लिया।

दिव्यांश जोशी का तूफान, 40 गेंदों में 105 रन

मेरठ मेवरिक्स के लिए दिव्यांश जोशी ने सिर्फ 40 गेंदों पर 12 चौकों और 7 छक्कों की मदद से जबरदस्त 105 रनों की पारी खेली। उनकी जबरदस्त पारी 262.5 के शानदार स्ट्राइक रेट से आई, जिसने मेवरिक्स को 200 के स्कोर के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मेरठ ने पूरी पारी में 10.2 रन प्रति ओवर के रनरेट से रन बनाए रखा। इससे लखनऊ फाल्कंस के सामने मुश्किल लक्ष्य रखा।

अभिनंदन सिंह ने 40 रन देकर झटके तीन विकेट

स्वास्तिक चिकारा ने 14 गेंदों पर 18 रन बनाए, जबकि ऋतुराज शर्मा ने 17 गेंदों पर 24 रन बनाए। अक्षय दुबे ने 10 गेंदों पर 15 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे। यश गर्ग 21 गेंदों पर 16 रन बनाकर नॉट आउट रहे। लखनऊ फाल्कंस के लिए अभिनंदन सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार, विप्रज निगम और अजीत वर्मा ने एक-एक विकेट लिया।

लखनऊ फालकन्स 109 रन पर सिमटी

लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ फाल्कंस शुरू से ही संघर्ष करती दिखी और लगातार विकेट गिरते रहे। एमडी सैफ ने 10 रन बनाए, जबकि हिमांशु सिंह और आराध्य यादव सिर्फ 5-5 रन ही बना पाए। अजीत वर्मा ने 24 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से तेज 39 रन बनाकर कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन यह काफी नहीं था।

विशाल चौधरी ने झटके चार विकेट

कृतज्ञ कुमार सिंह ने 18 गेंदों पर 21 रन बनाए, जबकि समीर चौधरी ने 3 गेंदों पर 6 रन बनाए। भुवनेश्वर कुमार 5 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन फाल्कंस आखिरकार 16 ओवर में 109 रन पर आउट हो गई। मेरठ मेवरिक्स के लिए विशाल चौधरी ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए। जीशान अंसारी ने सिर्फ 12 रन देकर 2 विकेट लिए। करण चौधरी, विजय कुमार और यश गर्ग ने एक-एक विकेट लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here