नई दिल्ली : यूपी टी20 लीग 2026 ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लीग में रिंकू सिंह की कप्तानी और भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी से प्रभावित पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सुरेश रैना ने दोनों खिलाड़ियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रैना ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह को टीम की कमान सौंपने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब आपके घर में ही एक शेर मौजूद है तो बाहर से शेर लाने की जरूरत नहीं है। रैना के मुताबिक, रिंकू ने अपनी कप्तानी और प्रदर्शन से खुद को बड़ी जिम्मेदारी के लिए तैयार साबित किया है।
वहीं, लखनऊ फालकन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार की शानदार गेंदबाजी की तारीफ करते हुए सुरेश रैना ने उन्हें 2027 वनडे विश्व कप के लिए भारतीय टीम के दावेदारों में शामिल करने की वकालत की। रैना ने कहा कि यूपी टी20 लीग 2026 में भुवनेश्वर की गेंदबाजी और रिंकू सिंह की कप्तानी ने यह दिखा दिया है कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं और आईपीएल टीमों को प्रतिभा की तलाश के लिए अब कहीं और देखने की जरूरत नहीं है। उनके मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि वे बड़ी जिम्मेदारियां संभालने की क्षमता रखते हैं।
रिंकू और भुवी के मुरीद हुए सुरेश रैना
सुरेश रैना मेरठ मावेरिक्स को यूपी टी20 लीग के इतिहास में लगातार चौथे फाइनल में पहुंचाने वाले रिंकू सिंह के मुरीद नजर आए। सुरेश रैना ने शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के प्रबंधन को एक सलाह दी।
रैना की बड़ी सलाह- रिंकू को बनाएं KKR का कप्तान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुरेश रैना ने कहा, “यूपी टी20 लीग में रिंकू सिंह का खेल और उनकी कप्तानी देखिए। जब आपके घर में ही शेर खड़ा है तो बाहर से शेर लाने की जरूरत नहीं है। कोई खिलाड़ी अगर अपनी टीम को लगातार चार बार यूपी टी20 लीग के फाइनल में पहुंचा रहा है, तो उसमें निश्चित तौर पर कुछ खास बात है। केकेआर को अब रिंकू सिंह को ही टीम की कप्तानी सौंप देनी चाहिए।”
लखनऊ फालकन्स को पहली बार फाइनल तक पहुंचाने वाले कप्तान भुवनेश्वर कुमार की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए सुरेश रैना ने उन्हें 2027 वनडे विश्व कप के लिए भारतीय टीम का मजबूत दावेदार बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रैना ने कहा कि भुवनेश्वर को टीम में जगह मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, “धोनी भाई की कप्तानी में जब हमने विश्व कप जीते थे, तब सिर्फ गेंद की रफ्तार को ही नहीं देखा जाता था। स्विंग, लाइन-लेंथ, सही एरिया में गेंदबाजी और मैच जिताने वाला जज्बा भी उतना ही जरूरी होता है।”
भुवी पके हुए चावल की तरह, अनुभवी गेंदबाज हैं: सुरेश रैना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुरेश रैना ने कहा, “यूपी टी20 लीग में भुवनेश्वर कुमार ने जिस तरह हर मुकाबले में प्रदर्शन किया, उससे साफ है कि वह पूरी तरह अनुभवी हो चुके हैं। भुवी पके हुए चावल की तरह हैं, जिनका अनुभव अब उनकी सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। 2027 वनडे विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की पिचों पर मिलने वाले अतिरिक्त उछाल के बीच नई गेंद से भुवी की स्विंग भारतीय टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकती है।”
यूपी टी20 लीग के आयोजन और मैदान पर उमड़े हजारों प्रशंसकों के उत्साह की तारीफ करते हुए सुरेश रैना ने टूर्नामेंट के आयोजकों का भी आभार जताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि राजीव शुक्ला और गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग और मैच एक्सपोजर देने के लिए एक प्रभावी व्यवस्था तैयार की है। इसी मंच के जरिए कई खिलाड़ी आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंचने के लिए लगातार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रैना ने कहा, “यूपी टी20 लीग अब सिर्फ एक लीग नहीं रह गई है, बल्कि यह भारतीय चयनकर्ताओं के लिए नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के साथ अनुभवी दिग्गजों की फॉर्म और क्षमता परखने का एक भरोसेमंद मंच बन चुकी है।”


