भोपाल। मीत त्रिपाठी (68* रन और दो विकेट) के दोहरे प्रदर्शन के चलते एनसीसीसी-बी ने यहां खेले जा रहे विधायक ट्रॉफी अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट में मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी-बी पर आसान जीत दर्ज की। यह एनसीसीसी बी की टूर्नामेंट में पहली जीत है। अंकुर मैदान पर मंगलवार को खेले गए मुकाबले में एनसीसीसी-बी ने पहले तो मयंक चतुर्वेदी क्रिकेट अकादमी-बी को 34.1 ओवर में 106 रन के आसान लक्ष्य पर रोका । फिर जीत के लिए जरूरी रन 13.2 ओवर में दो विकेट पर बना डाले। मयंक अकादमी की ओर से केशव (15) और सर्जन (14) ही कुछ देर खेल सके। शेष बल्लेबाज एनसीसीसी-बी के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके। एनसीसीसी-बी के गेंदबाज राज ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। जबकि जैद और मीत को दो-दो सफलताएं मिलीं। विजेता टीम की ओर से मीत त्रिपाठी ने 68 रनों की नाबाद पारी खेली। इस पारी में मीत ने नौ चौकों के साथ चार छक्के भी उड़ाए। उनके अलावा गोरांग ने पांच चौकों की मदद से 28 रन बनाए। मयंक अकादमी-बी के लिए अजय और आदित्य ने एक-एक विकेट लिए। मीत त्रिपाठी को दोहरे प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें जनकधरा वेलफेयर सोसयटी के उपाध्यक्ष मनीष सिंह बैस और कोच भुवन शुक्ला ने पुरस्कृत किया।

