नई दिल्ली : वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन की शुरुआत हो चुकी है। जारी सीजन के दूसरे मुकाबले में यूपी वॉरियर्स का सामना गुजरात जायंट्स से हुआ, जिसमें यूपी की कप्तान मेग लैनिंग ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। लैनिंग WPL के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गई हैं। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो वह इस सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ही स्टार खिलाड़ी एलिस पेरी को पीछे छोड़ दिया।
मेग लैनिंग ने साल 2023 से अब तक WPL में कुल 28 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 39.28 की औसत से 982 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 9 अर्धशतक निकले हैं। वहीं, एलिस पेरी ने 25 मुकाबलों में 64.80 की शानदार औसत के साथ 972 रन बनाए हैं। इस सूची में शीर्ष स्थान पर नेट स्किवर-ब्रंट का नाम है, जिन्होंने 31 मैचों में 9 अर्धशतकों की मदद से 1101 रन बनाए हैं। स्किवर-ब्रंट फिलहाल इस टूर्नामेंट में 1000 से अधिक रन बनाने वाली एकमात्र बल्लेबाज हैं। अब मेग लैनिंग की नजरें आने वाले मुकाबलों में नंबर एक स्थान हासिल करने पर टिकी होंगी।
WPL में मेग लैनिंग ने बल्लेबाजी के साथ-साथ कप्तानी में भी शानदार प्रदर्शन किया है। इस टूर्नामेंट में उन्होंने अब तक तीन सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की थी और तीनों ही बार दिल्ली कैपिटल्स की टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। लेकिन दिल्ली की टीम इस दौरान एक भी बार खिताब को अपने नाम नहीं कर सकी। अब इस सीजन मेग लैनिंग की कप्तानी में यूपी की टीम कैसा प्रदर्शन करती है ये देखने वाली बात होगी।
यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। टीम की कप्तान एश्ले गार्डनर ने 41 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 65 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा अनुष्का शर्मा ने 44 रन और सोफी डिवाइन ने 38 रन का अहम योगदान दिया। जवाब में यूपी वॉरियर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 197 रन ही बना सकी और उसे 10 रन से हार का सामना करना पड़ा। यूपी के लिए फोएबे लिचफील्ड ने सर्वाधिक 78 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान मेग लैनिंग 30 रन बनाकर आउट हुईं।


