एनएसटी न्यूज, भोपाल। मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी और प्रदेश ब्लाइंड फुटबॉल टीम के कप्तान फरदीन खान द्वितीय आईबीएफएफ (IBFF) ब्लाइंड फुटबॉल लीग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता 22 से 26 जुलाई तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित बीआरए ग्राउंड में आयोजित की जा रही है। फरदीन खान इस प्रतिष्ठित लीग में दिल्ली डेंजरस टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की पांच और महिला वर्ग की चार टीमें हिस्सा ले रही हैं। फरदीन खान मध्यप्रदेश के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्हें लगातार दूसरी बार इस राष्ट्रीय स्तर की ब्लाइंड फुटबॉल लीग में खेलने का अवसर मिला है। उनकी इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। फरदीन खान के चयन पर ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष संदीप देशमुख, सचिव मोहम्मद शाहिद, तकनीकी निदेशक कपिल यादव, कोच संदीप मंडल तथा सहायक कोच कंचन पटेल ने उन्हें बधाई देते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि फरदीन लीग में शानदार प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।


