मुंबई : लियोनेल मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनकी लोकप्रियता और बाजार वैल्यू आज भी बाकी खिलाड़ियों से कहीं आगे है। इंटर मियामी के साथ नए कॉन्ट्रैक्ट के बाद मेसी की सैलरी में बड़ा इजाफा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मेजर लीग सॉकर प्लेयर्स एसोसिएशन के मुताबिक, मेसी को 25 मिलियन डॉलर की बेस सैलरी और कुल 28.33 मिलियन डॉलर (करीब 267 करोड़ रुपये) का गारंटीड कॉम्पनसेशन मिलेगा। यह रकम लीग के किसी भी अन्य खिलाड़ी की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है।
मेसी के बाद सोन ह्युंग-मिन का जलवा
सोन ह्युंग मिन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। लॉस एंजिलिस एफसी के लिए खेलने वाले सोन को 10.36 मिलियन डॉलर बेस सैलरी और 11.15 मिलियन डॉलर कुल भुगतान मिल रहा है। यानी मेसी उनसे भी काफी आगे हैं।
इंटर मियामी ने खिलाड़ियों पर किया सबसे ज्यादा खर्च
मेसी के आने के बाद इंटर मियामी का कुल पेरोल 54.6 मिलियन डॉलर पहुंच गया है। यह दूसरे नंबर की टीम एलएएफसी से 20 मिलियन डॉलर ज्यादा है। वहीं लीग की सबसे कम खर्च करने वाली टीम फिलेडेलफिया यूनियन है, जिसका पेरोल 11.7 मिलियन डॉलर है। यह आंकड़ा दिखाता है कि इंटर मियामी ने मेसी के इर्द-गिर्द मजबूत टीम बनाने में भारी निवेश किया है।
मैदान पर भी मेसी का जलवा बरकरार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मेसी सिर्फ कमाई में ही नहीं, मैदान पर भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इंटर मियामी के लिए उन्होंने 64 नियमित सीजन मैचों में 59 गोल किए हैं। इस सीजन में अब तक 11 मैचों में नौ गोल कर चुके हैं। पिछले सीजन उन्होंने 29 गोल किए थे और लगातार दूसरी बार मोस्ट वैलुएबल प्लेयर का अवॉर्ड जीता था। मेसी ने पिछले साल टीम को पहला मेजर लीग सॉकर का खिताब भी दिलाया।
39 की उम्र में भी वर्ल्ड कप जीतने का सपना जिंदा
लियोनेल मेसी अगले महीने 39 साल के होने जा रहे हैं, लेकिन वह अब भी अर्जेंटीना राष्ट्रीय फुटबॉल टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। मेसी अपने छठे वर्ल्ड कप में खेलने की तैयारी कर रहे हैं। फीफा विश्व कप 2022 जीतने के बाद भी उनकी फिटनेस और प्रदर्शन लगातार शानदार बना हुआ है, जो यह दिखाता है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका जुनून और स्तर कम नहीं हुआ है।
मेजर लीग सॉकर में दिग्गज खिलाड़ियों की भरमार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लियोनेल मेसी और सोन ह्युंग-मिन के बाद सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों में रोड्रिगो डी पॉल, मिगुएल अलमिरोन, हिरविंग लोजानो और थॉमस मूलर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की कमाई भी करोड़ों डॉलर में है, लेकिन इसके बावजूद मेसी अब भी कमाई और लोकप्रियता दोनों मामलों में सबसे ऊपर बने हुए हैं।


