नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 41वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस ने इस सीजन अब तक 7 मैच खेले हैं, जिनमें उसे सिर्फ 2 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस फिलहाल IPL 2026 की अंकतालिका में नौवें स्थान पर मौजूद है।
सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका में अभी चौथे नंबर पर है। सनराइजर्स हैदराबाद ने अब तक आठ मैच खेले गए हैं। इसमें से उसने पांच में जीत हासिल की है, जबकि तीन में हार का सामना किया है। उसके 10 अंक हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने पिछले चारों मैच जीते हैं। ऐसे में उसकी कोशिश अपनी जीत की लय बरकरार रखने की होगी।
मुंबई इंडियंस को अपने पिछले मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा था। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने 23 अप्रैल को उसे 103 रन से मात दी थी। अगर मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना है, तो टीम को अपने बचे हुए सात मैचों में लगभग सभी मुकाबले जीतने होंगे। ऐसे में उसकी कोशिश जीत की पटरी पर लौटने की रहेगी।
जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड
इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच अब तक 34 मैच खेले गए हैं। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा थोड़ा भारी है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 19 मैच जीते हैं, जबकि मुंबई इंडियंस ने 15 मुकाबले अपने नाम किये हैं। मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए नौ में से सात मैच जीते हैं और 2023 से अब तक मेहमान टीम पर 5-1 की बढ़त बनाए रखी है। हालांकि, हार्दिक पंड्या की टीम के लिए यह सीजन कुछ अलग रहा है, क्योंकि उन्होंने घरेलू मैदान पर खेले गए चार में से तीन मैच गंवा दिए हैं।
वानखेड़े स्टेडियम पिच रिपोर्ट
मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच हाई-स्कोरिंग होने की संभावना है। वानखेडे़ स्टेडियम पर पहली पारी का औसत स्कोर 215 रन है, जबकि पहली पारी में जीत का औसत स्कोर 223 रन है। इस मैदान पर खेली गईं चार में से तीन पहली पारियों का स्कोर 200 रन से ज्यादा रहा है। । पिछला मैच उम्मीद के बिल्कुल उलट रहा था। तब 208 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस सिर्फ 103 रन पर ढेर हो गई थी।
मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग 11
मुंबई इंडियंस की बात करें तो रोहित शर्मा 12 अप्रैल से हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हैं। उनकी वापसी अब भी अनिश्चित है। हालांकि, वह नेट्स पर पूरी गंभीरता से बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस के नए खिलाड़ी, केशव महाराज, मिचेल सैंटनर की जगह टीम में शामिल हो गए हैं। जसप्रीत बुमराह के अलावा, कॉर्बिन बॉश और ट्रेंट बोल्ट का अभिषेक शर्मा के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड है।
अभिषेक शर्मा SRH के सबसे खतरनाक बल्लेबाज और मौजूदा ऑरेंज कैप होल्डर हैं। ट्रेंट बोल्ट का इशान किशन के खिलाफ भी मजबूत रिकॉर्ड है। ट्रेंट बोल्ट ने SRH के तीसरे सबसे बेहतरीन बल्लेबाज को कई बार आउट किया है। इस मैच के लिए इस कीवी खिलाड़ी को लाना अच्छा फैसला हो सकता है। मिचेल सैंटनर के बाहर होने के कारण मुंबई इंडियंस विल जैक्स की ओर रुख कर सकती है।
सनराइजर्स हैदराबाद के किसी भी खिलाड़ी के चोटिल होने की कोई खबर नहीं है। पैट कमिंस ने रोहित शर्मा को पांच और सूर्यकुमार यादव को तीन बार आउट किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान के लिए यह एक मजबूत रिकॉर्ड है। अगर रोहित शर्मा खेलते हैं तो पैट कमिंस अपने चार ओवरों के लिए बड़ी सूझबूझ से योजना बनानी पड़ेगी, ताकि वह MI के इन दोनों बल्लेबाजों को चुनौती दे पाएं।
मुंबई इंडियंस की संभावित XII: क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन, नमन धीर, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, कृष भारत, विल जैक्स, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, अश्विनी कुमार।
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित XII: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, पैट कमिंस (कप्तान), प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन।
मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच की लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
मुकाबला: IPL 2026 का 41वां मैच, मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
मैच की तारीख: 29 अप्रैल 2026 (बुधवार)
टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैच शुरू होने का समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई।
सीधा प्रसारण: मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच से जुड़े रोचक तथ्य
- मुंबई इंडियंस ने पहली बार आईपीएल के एक ही सीजन में वानखेड़े स्टेडियम में लगातार तीन मैच हारे हैं। पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी हार (103 रन) का सामना करना पड़ा।
- आईपीएल 2024 से मुंबई इंडियंस का लक्ष्य का पीछा करने का रिकॉर्ड सबसे खराब रहा है। उसने 20 मैच में सिर्फ सात में ही जीत हासिल हुई है। सनराइजर्स हैदराबाद ने सिर्फ 12 मैचों में ही इतनी जीत हासिल की हैं।
- मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पंड्या का कप्तानी रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। हार्दिक पंड्या की अगुआई में MI ने 35 में से 14 मैच ही जीते हैं, जबकि 21 में हार झेली है। बतौर कप्तान हार्दिक का सक्सेस रेट 40% है।
मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद का फुल स्क्वॉड
मुंबई इंडियंस की टीम: क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, शार्दुल ठाकुर, कृष भगत, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह गजनफर, राज बावा, विल जैक्स, मयंक रावत, रोहित शर्मा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, रयान रिकेलटन, रघु शर्मा, केशव महाराज, मयंक मारकंडे, रॉबिन मिंज, मोहम्मद सलाउद्दीन इज़हार।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा, स्मरण रविचंद्रन, लियाम लिविंगस्टोन, हर्ष दुबे, हर्षल पटेल, कामिंदु मेंडिस, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, शिवम मावी, गेराल्ड कोएत्जी, दिलशान मदुशंका, क्रेंस फुलेट्रा, ओंकार तरमाले, अमित कुमार।


