मियामी. मियामी ओपन में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी Carlos Alcaraz तीसरे राउंड में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उन्हें अमेरिका के Sebastian Korda ने 6-3, 5-7, 6-4 से हराया। मुकाबला 2 घंटे 19 मिनट तक चला और अंत में कोर्डा ने संयम बनाए रखते हुए जीत दर्ज की।
मैच के दौरान अल्कराज अपनी लय में नजर नहीं आए। पहले सेट में पिछड़ने के बाद दूसरे सेट की शुरुआत में भी उनका सर्विस गेम टूट गया, जिससे वे दबाव में आ गए। इस दौरान वे काफी हताश दिखे और अपने बॉक्स की ओर नाराजगी जाहिर करते हुए बोले कि अब उनसे यह सहन नहीं हो रहा। आमतौर पर शांत और सकारात्मक रहने वाले अल्कराज का यह रूप फैंस के लिए हैरान करने वाला रहा। हालांकि दूसरे सेट में उन्होंने वापसी की कोशिश की और लगातार गेम जीतकर मुकाबले में बने रहे, लेकिन निर्णायक सेट में कोर्डा ने बेहतर खेल दिखाया। अहम मौकों पर उन्होंने ज्यादा सटीक शॉट खेले और मैच अपने नाम कर लिया।
यह लगातार दूसरा साल है जब अल्कराज मियामी ओपन में शुरुआती दौर में ही बाहर हुए हैं। इससे पहले भी उन्हें कम रैंकिंग वाले खिलाड़ी से हार का सामना करना पड़ा था। फिलहाल एटीपी रैंकिंग में 36वें स्थान पर काबिज कोर्डा ने इस जीत के साथ बड़ा उलटफेर कर दिया। मैच के बाद अल्कराज ने स्वीकार किया कि वे महत्वपूर्ण मौकों का फायदा नहीं उठा सके और कोर्डा उन परिस्थितियों में उनसे बेहतर साबित हुए।


