एशियन गेम्स में भारत की ताकत दिखाने के लिए मंत्री सारंग ने की तैयारियाँ शुरू

0
  • खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिये प्रशिक्षकों को दी जिम्मेदारी
  • खिलाड़ियों की जरूरत और सुविधाओं पर ध्यान देने के निर्देश
  • वॉटर स्पोर्ट्स के प्रत्येक खेल के प्रशिक्षकों से किया वन-टू-वन संवाद

भोपाल : खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने एशियन गेम्स में वॉटर स्पोर्ट्स के प्रशिक्षकों के साथ वन-टू-वन संवाद किया और जोर दिया कि प्रत्येक खेल में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन करें। इसके लिए उन्हें विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने प्रशिक्षकों को खिलाड़ियों की जरूरतों और सुविधाओं पर ध्यान देने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि राज्य सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की सुविधा या अपेक्षा हो तो तुरंत सूचित करें, और किसी भी समस्या या परेशानी की स्थिति में नियुक्त अधिकारी से लगातार संपर्क बनाए रखें। मंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि खिलाड़ियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

मंत्री सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश की वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में विश्व स्तर की सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए खिलाड़ियों को विशेष रूप से तैयार करें। मंत्री श्री सारंग बुधवार को टी.टी. नगर स्टेडियम के मेजर ध्यानचंद हॉल में विभागीय अधिकारियों और प्रशिक्षकों के साथ सितम्बर माह में होने वाले एशियन गेम्स के संबंध में चर्चा कर रहे थे। उन्होंने वन-टू-वन संवाद कर प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों की प्रगति और आवश्यक संसाधनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

खिलाड़ी की क्षमता अनुसार तैयार होगी विशेष रणनीति

मंत्री सारंग ने प्रशिक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने को कहा। साथ ही प्रत्येक खिलाड़ी की व्यक्तिगत क्षमताओं के अनुरूप विशेष रणनीति तैयार करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने अगली बैठक में संभावित खिलाड़ियों के साथ सीधे संवाद कर उनका फीडबेक लेने के भी निर्देश दिये। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर उनकी हौसला अफजाई की जाये, जिससे वे बेहतर परिणाम दे सकें। हमारा लक्ष्य है कि वॉटर स्पोर्ट्स में अधिक से अधिक अर्जित हों, इसके लिये सभी को समर्पण, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। खिलाड़ियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये प्रोत्साहित किया जाये।

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने निर्देश दिए कि खेल की प्रत्येक गतिविधि की जानकारी विभिन्न समाचार माध्यमों के माध्यम से प्रकाशित और प्रसारित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि एशियन गेम्स से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर सोशल मीडिया और समाचार-पत्रों के जरिए जनता तक पहुँचती रहे। बैठक में खेल संचालक अंशुमान यादव और संयुक्त संचालक बी.एस. यादव भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here