खेलो एमपी यूथ गेम्स: खिलाड़ियों का पंजीयन डैशबोर्ड आधारित डिजिटल प्रणाली के माध्यम से शुरू

0

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने की खेलो एमपी यूथ गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की समीक्षा

एनएसटी न्यूज, भोपाल। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को तात्या टोपे स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में खेलो एमपी यूथ गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली गई। अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि ब्लॉक एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रदेशभर में सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। खिलाड़ियों का पंजीयन डैशबोर्ड आधारित डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। बैठक में संचालक राकेश गुप्ता, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री सारंग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों के आवागमन, आवास, भोजन एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रतियोगिता स्थलों तक खिलाड़ियों की सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध पहुंच सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, ताकि वे पूरी एकाग्रता के साथ अपना प्रदर्शन कर सकें।

जिला अधिकारियों से बेहतर समन्वय के निर्देश

मंत्री ने जिला खेल अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सूचना का आदान-प्रदान त्वरित और प्रभावी होना चाहिए, ताकि जमीनी स्तर पर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो सकें।

शुभारंभ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा

बैठक में भोपाल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। मंत्री सारंग ने निर्देश दिए कि आयोजन गरिमामय, सुव्यवस्थित और अनुशासित हो। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अतिथियों एवं दर्शकों के लिए सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here