मिथुन मन्हास बने BCCI के नए अध्यक्ष, 2007 में दिल्ली को रणजी ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान

0

मुंबई. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को नया अध्यक्ष मिल गया है। पूर्व घरेलू क्रिकेटर मिथुन मन्हास को रविवार को मुंबई में हुई एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। वे 37वें BCCI अध्यक्ष बने हैं। उनकी नियुक्ति निर्विरोध हुई। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दी और कहा कि यह भारतीय क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण है।

क्रिकेट सफर की शुरुआत जम्मू-कश्मीर से

मिथुन मन्हास का क्रिकेट सफर जम्मू-कश्मीर से शुरू हुआ। उन्होंने अंडर-15, अंडर-16 और अंडर-19 स्तर पर राज्य की टीम से खेला। साल 1995 में उन्होंने लगभग 750 रन बनाए और उस समय देश के सबसे सफल अंडर-19 बल्लेबाज बने। इसके बाद वे जम्मू-कश्मीर टीम के कप्तान बने। उनके लगातार प्रदर्शन की वजह से नॉर्थ जोन टीम में भी जगह मिली।

दिल्ली क्रिकेट से जुड़ाव

मन्हास ने 12वीं की परीक्षा देने के बाद दिल्ली का रुख किया। उस समय उनकी उम्र 17 साल थी। उन्होंने दिल्ली के प्रीमियर टूर्नामेंट में खेला, जहां वीरेंद्र सहवाग और आशीष नेहरा जैसे बड़े खिलाड़ी मौजूद थे। शानदार प्रदर्शन के दम पर उनका चयन अंडर-19 नेशनल टीम में हुआ। साल 1996 में वे दिल्ली रणजी टीम में चुने गए और 1997 में रणजी डेब्यू किया।

कप्तान बने और रणजी ट्रॉफी दिलाई

मन्हास ने धीरे-धीरे दिल्ली की रणजी टीम में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में अपनी जगह बनाई। 2001-02 सीजन में उन्होंने 1000 से ज्यादा रन बनाए। 2006 से 2008 तक वे दिल्ली रणजी टीम के कप्तान रहे। उनकी कप्तानी में दिल्ली ने 2007–08 रणजी ट्रॉफी जीती। यह दिल्ली का 16वां रणजी खिताब था और मन्हास की कप्तानी को यादगार बना दिया।

IPL करियर और टीमों के साथ जुड़ाव

रणजी में लगातार अच्छे प्रदर्शन की वजह से 2008 में मन्हास का IPL डेब्यू दिल्ली डेयरडेविल्स से हुआ। बाद में वे पुणे वॉरियर्स इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स से भी खेले। IPL में उनका अनुभव लंबा रहा। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उन्होंने कोचिंग में कदम रखा। वे किंग्स XI पंजाब (अब पंजाब किंग्स), रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस जैसी फ्रेंचाइजियों के साथ कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे।

क्रिकेट प्रशासन में भी सक्रिय

साल 2023 में मन्हास जम्मू और कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) में क्रिकेट ऑपरेशन्स डायरेक्टर बने। यहां उन्होंने घरेलू क्रिकेट संरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को तैयार करने पर काम किया। उनके नेतृत्व में कई युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म मिला। यही अनुभव अब वे BCCI में काम आएंगे।

BCCI की नई टीम

मिथुन मन्हास के अध्यक्ष बनने के साथ ही BCCI की नई टीम का ऐलान भी हुआ। राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष पद पर बने रहेंगे, जबकि देवजीत सैकिया सचिव बने रहेंगे। कर्नाटक के पूर्व स्पिनर रघुराम भट कोषाध्यक्ष नियुक्त हुए हैं। वहीं, प्रभतेज सिंह भाटिया को संयुक्त सचिव बनाया गया है। मन्हास के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट प्रशासन नई दिशा में आगे बढ़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here