MLC 2025: वाशिंगटन फ्रीडम ने टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ सात विकेट से दर्ज की जीत

0

नई दिल्ली: ग्लेन मैक्सवेल की अगुआई वाली वाशिंगटन फ्रीडम ने मेजर क्रिकेट लीग-2025 के 13वें मैच में टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ सात विकेट से जीत दर्ज की। टीम की जीत के हीरो मिचेल ओवेन रहे। उन्होंने गेंद के बाद बल्ले से भी जलवा बिखेरा। सीजन में लगातार चौथी जीत के साथ वाशिंगटन फ्रीडम पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर मजबूती के साथ खड़ी है। इस टीम ने पांच में से चार मुकाबले जीते हैं, जबकि लगातार दूसरी हार के बाद टेक्सास सुपर किंग्स तीसरे पायदान पर है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे वाशिंगटन सुंदर

डलास में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी फाफ डुप्लेसिस की अगुआई वाली टेक्सास सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 220 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने की उतरी वाशिंगटन सुंदर ने 19.4 ओवर में 3 विकेट पर 223 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। इसके साथ ही उसने मेजर क्रिकेट लीग में सबसे सफल रन चेज का रिकॉर्ड अपने नाम किया। पिछला रिकॉर्ड 201 रन का था, जिसे इस सप्ताह की शुरुआत में एमआई न्यूयॉर्क ने सिएटल ऑर्कस के खिलाफ चेज कर बनाया था।

4.4 ओवर में 55 रन की साझेदारी

समित पटेल और कप्तान फाफ डुप्लेसिस की सलामी जोड़ी ने टेक्सास सुपर किंग्स को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने 4.4 ओवर में 55 रन की साझेदारी की। समित 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद फाफ डुप्लेसिस ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 31 गेंद में 4 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 69 रन जड़े। उनके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 32 और मिलिंद कुमार ने 31 रन की पारी खेली। शुभम रंजन ने 10 गेंद में ताबड़तोड़ 26 रन जड़ते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया। वाशिंगटन फ्रीडम के मिचेल ओवेन ने 3 विकेट झटके। वहीं, ग्लेन मैक्सवेल को 2 और रचिन रविंद्र को 1 सफलता मिली।

मिचेल ने एंड्रीस के साथ मिलकर रखी जीत की नींव

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाशिंगटन फ्रीडम 38 के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन इसके बाद मिचेल ओवेन ने एंड्रीस गौस के साथ मिलकर टीम को जीत की राह पर लाए। मिचेल ओवेन (52 गेंद में 89 रन) और एंड्रीस गौस (45 गेंद में नाबाद 80 रन) वाशिंगटन फ्रीडम की जीत के मुख्य सूत्रधार रहे। ओवेन और गौस ने सुनिश्चित किया कि टेक्सास सुपर किंग्स के कप्तान फाफ डुप्लेसिस की तूफानी पारी पर पानी फिर जाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी हुई। मिचेल ओवेन के पवेलियन लौटने के बाद एंड्रीस गौस ने ग्लेन मैक्सवेल (20) के साथ मिलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 51 रन जोड़े। टेक्सास सुपर किंग्स की ओर से तीनों विकेट एडम मिल्ने ने लिए। उन्होंने 4 ओवर में 42 रन दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here