NST NEWS, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ में आयोजित 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के चारों वर्गों में चैंपियनशिप जीतकर नया इतिहास रचा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के बेटों और बेटियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने रायपुर में 12 से 14 जून तक आयोजित 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश ने कुल 39 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
प्रदेश के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 25 स्वर्ण, 11 रजत और 3 कांस्य पदक सहित कुल 39 पदक जीते। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और वाटर स्पोर्ट्स अकादमी को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।


