खराब पिच के कारण कनाडा-नीदरलैंड्स मैच रद्द, ICC ने पहले भी जताई थी चिंता

0

टोरंटो। आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग-2 के तहत कनाडा और नीदरलैंड्स के बीच मंगलवार को खेला जाने वाला वनडे मैच खराब और असुरक्षित पिच के कारण रद्द कर दिया गया। मुकाबला टोरंटो के किंग सिटी मैदान पर खेला जा रहा था, लेकिन पिच से असमान उछाल मिलने के कारण खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए मैच अधिकारियों ने खेल रोकने का फैसला लिया।

नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। टीम ने 4.1 ओवर में एक विकेट पर 15 रन बनाए थे, तभी मैच रद्द कर दिया गया। सलामी बल्लेबाज मैक्स ओ’डाउड खाता खोले बिना आउट हुए। मैच के दौरान कई गेंदें अचानक अधिक उछलीं और बल्लेबाजों के शरीर पर लगीं, जिससे पिच की खतरनाक स्थिति उजागर हो गई।

गौरतलब है कि इसी मैदान पर 8 जून को अमेरिका और नीदरलैंड्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद भी ICC ने पिच को “असंतोषजनक” रेटिंग देते हुए एक डिमेरिट अंक दिया था। मैच रेफरी फिल थॉम्पसन ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पिच उपयुक्त नहीं थी और असमान उछाल के कारण खिलाड़ियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही थी।

ICC के नियमों के अनुसार, असंतोषजनक रेटिंग मिलने पर एक डिमेरिट अंक दिया जाता है। यदि किसी मैदान को पांच वर्षों के भीतर छह डिमेरिट अंक मिल जाते हैं तो उसे 12 महीने तक अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी से निलंबित किया जा सकता है। 12 डिमेरिट अंक होने पर प्रतिबंध की अवधि 24 महीने तक बढ़ सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here