World Championship of Legends 2025: अंकतालिका में गिरावट जारी, सेमीफाइनल में इंडिया की राह मुश्किल

0

नई दिल्ली: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 के 13वें मैच में इंडिया चैंपियंस और इंग्लैंड चैंपियंस आमने-सामने हुए। युवराज सिंह की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम को एक बार फिर निराशा हाथ लगी और उन्हें इस मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। यह इंडिया का टूर्नामेंट में चौथा मैच था, जिसमें उन्हें तीसरी बार शिकस्त मिली। लगातार हार के चलते अब टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदों को भी झटका लगा है। बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी दोनों में लय की कमी टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है। अब अगला मुकाबला इंडिया चैंपियंस के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा, क्योंकि हार से उनकी टूर्नामेंट में वापसी की संभावना लगभग समाप्त हो सकती है।

कप्तान युवराज सिंह और टीम मैनेजमेंट के सामने अब टीम को एकजुट कर वापसी दिलाने की बड़ी चुनौती है। इस मैच में इंडिया चैंपियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और इसके बाद इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए रवि बोपारा की शानदार शतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 3 विकेट पर 223 रन बनाए। इसके जबाव में इंडिया ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 200 रन बनाए और उसे 23 रन से हार मिली। इस हार के साथ इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद धूमिल हो गई है। हालांकि अगर इंडिया अगले मैच में बड़े अंतर से वेस्टइंडीज को हरा देती है तो उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बन सकती है।

इस हार के बाद इंडिया का अंकतालिका में और भी बुरा हाल हो गया और इस टीम का रन रेट (-1.852) और नीचे चला गया। इंडिया अब भी अंकतालिका में एक अंक के साथ छठे स्थान पर ही है। वहीं अंकतालिका में इस सीजन के 13वें मैच के बाद साउथ अफ्रीका 8 अंक के साथ पहले स्थान पर है जबकि पाकिस्तान दूसरे नंबर पर 7 अंक के साथ मौजूद है। ऑस्ट्रेलिया की टीम 5 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं इंग्लैंड की टीम के अब 3 अंक हो गए और ये टीम अंकतालिका में चौथे नंबर पर आ गई जबकि वेस्टइंडीज अब 2 अंक के साथ 5वें स्थान पर चली गई।

इंडिया के ओपनर अंबाती रायुडू डक पर आउट हुए जबकि शिखर धवन 17 रन तो वहीं अंबाती रायुडू 28 रन पर आउट हुए। कप्तान युवराज सिंह ने 38 रन बनाए जबकि स्टुअर्ट बिन्नी ने 35 रन का योगदान दिया। इरफान पठान 10 रन बनाकर चलते बने। यूसुफ पठान ने 23 गेंदों पर अर्धशतक लगाया और इस मैच में वो 52 रन बनाकर आउट हुए। अजमल शहजाद ने इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। इंडिया के खिलाफ इस मैच में इंग्लैंड की तरफ से रवि बोपारा ने 55 गेंदों पर 8 छक्के और 8 चौकों की मदद से नाबाद 110 रन की पारी खेली जबकि इयान बेल ने 39 गेंदों पर 54 रन बनाए। मोईन अली ने 13 गेंदों पर 33 रन ठोक दिए जबकि समित पटेल ने 9 गेंदों पर नाबाद 20 रन की पारी खेली। इंडिया के लिए हरभजन सिंह ने 2 जबकि वरुण एरोन ने एक विकेट लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here