NST news, भोपाल. मध्यप्रदेश मार्शल आर्ट्स अकादमी, भोपाल के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। 17 से 19 अप्रैल 2026 तक कुआलालंपुर (मलेशिया) में आयोजित 15वीं साइलेंट नाइट कराटे कप 2026 में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में अमेय कटारे (कैडेट, -57 किग्रा) ने फाइनल में सिंगापुर के खिलाड़ी को 8-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं कल्याणी कोडोपे (सीनियर महिला, -68 किग्रा) ने इंडोनेशिया की खिलाड़ी को 8-1 से पराजित कर स्वर्ण हासिल किया। टीम कुमिते स्पर्धा में संदीप राठौर और अमन कुमार की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को हराकर भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक जीता।
अन्य खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। यशविनी रावत (कैडेट, -45 किग्रा) ने कड़े मुकाबले में 5-4 से हारकर रजत पदक जीता, जबकि मानस शुक्ला (काता) ने कांस्य पदक हासिल किया। इस उपलब्धि पर प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करते रहेंगे। अकादमी द्वारा दिए जा रहे आधुनिक प्रशिक्षण और कोचिंग को इस सफलता का आधार माना जा रहा है, जिससे मध्यप्रदेश की पहचान अब मार्शल आर्ट्स में भी तेजी से मजबूत हो रही है।


