भोपाल में आज से सीनियर फीडे रेटेड चेस चैंपियनशिप, प्रदेश के 360 से ज्यादा खिलाड़ी लेंगे भाग, विजेता खेलेंगे नेशनल टूर्नामेंट

0

(NST News) भोपाल. मध्य प्रदेश राज्य सीनियर फीडे रेटेड चेस चैंपियनशिप 2025 का आगाज 1 अगस्त से भोपाल में होगा। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन कोलार रोड स्थित प्राइड होटल में किया जा रहा है। खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग प्रातः 9 बजे प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करेंगे। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से शतरंज के 360 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो राज्य में इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। आयोजकों के अनुसार, चैंपियनशिप में कुल 8 राउंड खेले जाएंगे। हर खिलाड़ी को 60 मिनट का समय मिलेगा, साथ ही हर चाल पर 30 सेकंड की अतिरिक्त बढ़त (इन्क्रिमेंट) भी दी जाएगी। इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये और ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा बालक/बालिका वर्ग, सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी, वेटरन और दिव्यांग श्रेणियों सहित कुल 46 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। एक लाख रुपये की कुल पुरस्कार राशि और फीडे रेटिंग का आकर्षण इसे विशेष बना रहा है। प्रतियोगिता में शीर्ष चार स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 62वीं सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 21 सितंबर से 1 अक्टूबर 2025 तक गुंटूर, आंध्र प्रदेश में आयोजित की जाएगी। चैंपियनशिप का संचालन अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी और निर्णायक कपिल सक्सेना तथा इंटरनेशनल आर्बिटर अनुराग सिंह के तकनीकी मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here